
नई दिल्ली। कर्नाटक चुनाव के बाद अब राज्य में सरकार बनाने के लेकर दोनों प्रमुख पार्टियों में जंग जारी है। इसी बीच राज्य में विजयी प्रत्याशियों के बारे में एक हैरान करने वाला आंकड़ा आया है। जिसके मुताबिक इसबार विधानसभा पहुंचने वाले करीब एक चौथाई विधायकों पर कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें बीजेपी के सबसे ज्यादा सदस्य हैं। इतना ही नहीं इसबार विधानसभा में 97 फीसदी विधायक करोड़पति हैं।
77 से अधिक विधायकों पर आपराधिक मामले
कर्नाटक इलेक्शन वाच और एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफाम्र्स (एडीआर) ने राज्य विधानसभा के मंगलवार को आए 222 सीटों में से 221 पर विजयी विधायकों के स्वयं दिए गए हलफनामों की जांच-पड़ताल की है। इन विधायकों में एक तिहाई से अधिक 77 विधायक ऐसे हैं जिनके खिलाफ आपराधिक मामले हैं। करीब एक चौथाई 54 विधायकों के खिलाफ हत्या के आरोप और अपहरण जैसे संगीन मामले हैं।
बीजेपी विधायक सबसे ज्यादा दागदार
आपराधिक छवि वाले बीजेपी के विधायकों की संख्या सबसे अधिक है। बीजेपी के 103 विधायकों की जांच-पड़ताल में एडीआर ने पाया कि 41 प्रतिशत अर्थात 42 विधायक ऐसे हैं जिनके खिलाफ अपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले में कांग्रेस दूसरे नंबर और जनता दल (सेक्युलर) तीसरे नंबर पर हैं। कांग्रेस के 78 में 23 और जेडीएस के 37 में से 11 विधायक इस श्रेणी के हैं। बीजेपी के 29, कांग्रेस के 17 और जेडीएस के आठ विधायकों के खिलाफ संगीन आपराधिक मुकदमे हैं।
97 फीसदी विधायक करोड़पति
राज्य विधानसभा में इस बार धनकुबेर विधायकों की बहुतायत है और 97 फीसदी यानि 215 विधायक करोड़पति हैं। विधायकों की औसत संपत्ति 34.59 करोड़ रुपए हैं। कांग्रेस के 11 और जेडीएस के तीन, बीजेपी और केपीजेपी का एक-एक विधायक ऐसा है जिनकी संपत्ति 100 करोड़ रुपए से अधिक है। कांग्रेस के होसकोटे सीट से जीते एन नागाराजू की कुल संपत्ति 1015 करोड़ रुपए से अधिक है। पार्टी के ही कनकपुर से विजयी डी के शिवकुमार और हेब्बल से जीते सुरेश बी एस माथुर की कुल संपत्ति क्रमश 840 करोड़ और 416 करोड़ रुपए है।
सबसे कम संपत्ति वाले माननीय
सबसे कम संपत्ति बीजेपी के कृष्णाराज से जीते एस ए रामदास की है। उनके पास करीब 39 लाख रुपए की कुल संपत्ति है। जद एस के श्रीरंगपट्टम से विजयी ए एस रवीन्द्र और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के कोल्लेगल से जीते एन महेश कुल संपत्ति के मामले में क्रमश दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। इनकी कुल संपत्ति क्रमश: 68 और 75 लाख रुपए हैं।
डीके शिवकुमार पर 228 करोड़ का कर्ज
कांग्रेस के कनकपुर से विजयी डी के शिवकुमार पर सर्वाधिक देनदारी है। उनके ऊपर 228 करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज है जिसमें से पांच करोड़ रुपए से अधिक का विवादित है। कर्नाटक जदएस अध्यक्ष एच डी कुमारस्वामी के ऊपर 104 करोड़ रुपए से अधिक की देनदारी है। कुमारस्वामी रामनगरम से विजयी हुए हैं। कांग्रेस के विजयनगर से जीते एम कृष्णाप्पा के ऊपर 66 करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज है।
94 सदस्य फिर पहुंचे विधानसभा
सोलह विधायकों की उम्र 25 से 40 वर्ष 138 की 41 से 60 और 64 की 61 से 80 साल से ऊपर है। तीन विधायकों की उम्र 80 साल से अधिक है। इस बार कर्नाटक विधानसभा में सात महिलाएं जीतकर आई हैं। पिछली विधानसभा के 94 विधायक फिर से जीतकर आए हैं।