राजनीति

कर्नाटक की जंग अभी बाकी है, बीजेपी ने जयनगर सीट पर प्रत्याशी का ऐलान किया

कर्नाटक में सभी पार्टियों का प्रदर्शन देखते हुए हर एक सीट भविष्य में बेहद महत्वपूर्ण होने जा रही है। कुल मिलाकर अभी तीन सीटों का फैसला होना बाकी है।
2 min read
• •
Updated: 23 May 2018, 4:21 AM IST
Voting
कर्नाटक की जंग अभी बाकी है, बीजेपी ने जयनगर सीट पर प्रत्याशी का ऐलान किया

बेंगलुरू। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की बची दो सीटों पर भी घमासान की तैयारी शुरू हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने दक्षिण बेंगलूरु की जयनगर विधानसभा सीट से अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। चुनाव के दौरान यहां से बीजेपी के प्रत्याशी बीएन विजय कुमार का निधन हो गया था। अब पार्टी ने उन्हीं के छोटे भाई बीएन प्रहलाद को टिकट दिया है। गौरतलब है कि कर्नाटक में 12 मई को मतदान हुआ था, लेकिन 4 मई को ही दो बार विधायक रह चुके विजय कुमार का अचानक निधन हो गया था।

अब 13 जून को होगा इस सीट का फैसला

बेंगलूरु की इस सीट पर 11 जून को मतदान होगा। सुबह छह से शाम सात बजे तक मतदान जारी रहेगा। गौरतलब है कि इस सीट से कुल 19 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रहलाद का मुकाबला यहां कांग्रेस के सौम्या आर, जनता दल (सेक्युलर) के कालेगौड़ा, क्षेत्रीय दलों के सात और नौ निर्दलीय उम्मीदवारों से होगा। इस सीट पर नतीजों का ऐलान 13 जून को होगा।

राज राजेश्वरी पर भी स्थगित हुआ था मतदान

राज्य में इस बार 224 में से 222 सीटों पर ही चुनाव हुए थे। बची हुई दो सीटों में जयनगर के साथ-साथ बेंगलूरु की ही राज राजेश्वरी सीट भी शामिल है। दक्षिण-पश्चिम बेंगलुरू की इस सीट पर एक फ्लैट से 9,564 मतदाता पहचान पत्र बरामद होने के बाद वोटिंग रद्द कर दी गई थी। अब यहां 28 मई को मतदान होगा। इस सीट की मतगणना 31 मई को होगी।

एक-एक सीट बेहद अहम

कर्नाटक में जिस तरह का प्रदर्शन सभी पार्टियों का रहा है उसे देखते हुए हर एक सीट भविष्य में बेहद महत्वपूर्ण होने जा रही है। गौरतलब है कि राज्य में किसी भी दल को स्पष्ट जनादेश नहीं मिला था, जिसके चलते सरकार बनाने की जद्दोजहद में काफी नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिले थे। यहां बीजेपी को 104, कांग्रेस को 78 और जेडीएस को 37 सीटें मिली थीं। इन दोनों के अलावा अभी एक और सीट पर चुनाव होंगे क्योंकि एचडी कुमारस्वामी दो जगह से जीते हैं।

Published on: