
नई दिल्ली। कर्नाटक के सीएम कुमारस्वामी आज अपना पहला बजट पेश करेंगे। इस बात की प्रबल संभावना है कि कुमारस्वामी किसानों की कर्ज माफी की घोषणा कर दें। प्रदेश के सभी लोगों की नजर इसी पर टिकी है कि 24 घंटे में किसानों की कर्जमाफी का वादा करने वाले सीएम कुमारस्वामी महीनों बाद भी किसानों का कर्ज माफ करते हैं या नहीं। आपको बता दें कि विधानसभा चुनावों के दौरान जेडीएस ने अपने घोषणापत्र में इसका ऐलान किया था।
राहुल गांधी ट्वीट कर दे चुके हैं संकेत
किसानों को कर्जमाफी की उम्मीद ज्यादा है क्योंकि बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर इस बात के संकेत दे दिए थे। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा था कि सरकार अपने चुनावी वादे के मुताबिक किसानों का कर्ज माफ करेगी और यहीं से पूरे देश के किसानों के लिए उम्मीद पैदा होगी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि कर्नाटक में बजट की पूर्व संध्या पर मुझे पूरा भरोसा है कि कांग्रेस-जेडीएस सरकार किसानों की कर्जमाफी करने और खेती को अधिक मुनाफे का काम बनाने के हमारे वादे को पूरा करेगी।
10.30 बजे पेश करेंगे बजट
सीएम एचडी कुमारस्वामी सुबह 10.30 बजे से बजट पेश करेंगे। सबकी नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री सिर्फ कॉपरेटिव बैंकों से लिए कर्ज माफ करेंगे या सभी बैकों से मिले किसानों के ऋण माफ करते हैं। किसानों की मांग है कि उनका पूरा कर्ज एक ही बार में माफ कर दिए जाएं और किस्तों में इसे निपटाने की झंझट न रखी जाए। राज्य कृषि विभाग के मुताबिक कर्नाटक में सूखे की बदहाली के चलते तकरीबन 2,525 किसान आत्महत्या कर चुके हैं। कुमारस्वामी का यह पहला बजट होगा और जेडीएस ने अपने अपने घोषणापत्र में किसानों की कर्ज माफी की घोषणा की थी।