बेंगलूरु. मौजूदा हालात को देख्ते हुए प्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव की राह आसान नहीं होगी। उनके समक्ष सबसे बड़ी चुनौती पार्टी में अंतर्कलह दूर करने, सरकार में गठबंधन के सहयोगी जनता दल-एस के साथ समन्वय बैठाते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने की होगी।
भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय महागठबंधन बनाने की कोशिश में जुटी कांग्रेस पहले ही राज्य में जद-एस के साथ मिलकर चुनाव लडऩे की घोषणा कर चुकी है। हालांकि, अभी सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बनी है। लोकसभा चुनाव में काफी कम वक्त होने के कारण दिनेश को पार्टी संगठन को जुझारू बनाने के साथ ही सक्रिय भी करना होगा ताकि जद-एस के साथ सीटों के बंटवारे में कांग्रेस मजबूत स्थिति में रहे। साथ ही पार्टी का जनाधार बढ़ाने की कोशिश भी करनी होगी ताकि लोकसभा चुनाव में अधिक सीटें जीतने के साथ ही अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी की वापसी की राह तैयार हो सके। अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए अपनी और सहयोगी दलों की सीटें बढ़ाना बड़ी चुनौती होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस की कमान किसी के भी पास हो, अंतर्कलह की समस्या पर कोई असर नहीं पड़ता, परन्तु गुण्डूराव की परीक्षा इस बात में होगी कि वे नेताओं की आपसी खींचतान किस हद तक कम कर संगठन को कितना सक्रिय कर पाते हैं।