सीएम बनने के तत्‍काल बाद कुमारस्‍वामी ने येदियुरप्‍पा को किसानों के मुद्दे पर टकराव की राजनीति न करने की चेतावनी दी।
नई दिल्ली। जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस के साथ गठजोड़ कर पहले येदियुरप्पा को सीएम पद से बेदखल किया और अब उन्होंने भाजपा के इस कद्दावर नेता को एक और झटका देने का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तत्काल बाद कुमारस्वामी ने मीडिया के सामने किसानों की कर्जमाफी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट की दखल के बाद जब 24 घंटे के अंदर येदियुरप्पा विधानसभा में बहुमत नहीं साबित कर पाए थे। लेकिन उन्होंने इस्तीफा देने से पहले विधानसभा में अपने भाषण में कर्नाटक के किसानों की अंतिम लड़ाई जारी रखने की बातें की थीं। कुमारस्वामी ने उनकी उसी योजना पर सबसे पहले चोट देने का संकेत देकर साफ कर दिया है अब उनसे टकराना उनके लिए आसान नहीं है।
किसानों के बारे में क्या कहा कुमारस्वामी ने?
नवनियुक्त सीएम कुमारस्वामी ने कहा कि वो किसानों की कर्जमाफी पर तुरंत फैसला करने जा रहे हैं। कांग्रेस को साथ लेकर कुमार ने कहा है कि वो गठबंधन में एक अच्छी सरकार चलाएंगे। प्रदेश के किसानों की समस्या उनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रहेगा। कुमारस्वामी ने कहा कि जेडीएस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार किसी एक पार्टी की सरकार से कहीं बेहतर साबित होगी और हम जनता के मुद्दों पर और उनके लिए काम करेंगे। कुमारस्वामी ने कहा कि जेडीएस और कांग्रेस प्रदेश की जनता की भलाई के लिए साथ आए हैं और दिन-रात काम कर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। उन्होंनें कहा कि कांग्रेस और जेडीएस में किसी पद या दूसरी चीजों को लेकर किसी तरह की कोई खींचतान नहीं है।
विपक्षी एकता पीएम मोदी के लिए बड़ा संदेश
उन्होंने कहा कि कांग्रेस-जेडीएस गठजोड़ और शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी नेताओं का जमावड़ा भाजपा नेतृत्व के लिए चेतावनी है। विपक्षी दलों ने इस अवसर पर जमा होकर संकेत दे दिया है कि हम सब एक हैं और 2019 में देश में राजनीतिक तौर पर एक बड़ा बदलाव होगा। हम लोग पीएम मोदी के कुशासन से जनता को निजात दिलाकर रहेंगे। कुमारस्वामी ने कहा कि वो यहां सरकार बचाने नहीं आए थे, ये सरकार यहां के लोकल कांग्रेस और जेडीएस के नेता बचाएंगे। इससे पहले बेंगलूरू में शाम साढ़े चार बजे एचडी कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। एचडी कुमारस्वामी के साथ कांग्रेस नेता जी परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। कुमारस्वामी 25 मई को सदन में अपना बहुमत साबित करेंगे। कुमारस्वामी की पार्टी जेडीएस ने चुनाव में 37 सीटें जीती हैं और वो तीसरे नंबर की पार्टी है लेकिन किसी भी दल को बहुमत न मिलने की स्थिति में कांग्रेस के समर्थन से जेडीएस ने सरकार बनाई है।