
पटना। चारा घोटाले में सजायाफ्ता राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव कई तरह के बीमारियों से ग्रस्त हैं और मंगलवार की शाम इसी सिलसिले में इलाज के लिए मुंबई पहुंचे जहां उन्हें एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव को सीने में दर्द की शिकायत और कम हीमोग्लोबीन के कारण इलाज के लिए मुंबई भेजा गया है।
फिस्टुला का ऑपरेशन के लिए मुंबई के अस्पताल में भर्ती हैं लालू
आपको बता दें कि लालू प्रसाद यादव के साथ उनकी बेटी मीसा भारती और बेटा तेजप्रताप यादव भी हैं। मेडिकल आधार पर6 सप्ताह के लिए जमानत पर रांची जेल से छूटे लालू यादव का इलाज मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में किया जा रहा है। बता दें कि मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक डॉक्टरों ने लालू यादव के फिस्टुला का ऑपरेशन जरूरी बताया है। उसके बाद किडनी का इलाज होगा। राजद के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि डॉक्टरों ने जांच के दौरान हृदय एवं खून की जांच में इन्फेक्शन पाया है। इससे बचने के लिए फिस्टुला का आपरेशन जरूरी बताया है।
किडनी के ऑपरेशन के लिए बेंगलुरु जाएंगे लालू
गौरतलब है कि बीते 23 मई को लालू यादव को मुंबई के बांद्रा स्थित एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था और अस्पताल के 7 डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रहे हैं। बता दें कि रांची की होटवार जेल में बंद लालू यादव को रांची हाई कोर्ट ने इलाज के लिए 6 सप्ताह के लिए जमानत दी है। इससे पहले तीन वर्ष पूर्व लालू की बाईपास सर्जरी की गई थी। बताया जा रहा है कि मुंबई में इलाज के बाद लालू को किडनी के इलाज के लिए बेंगलुरु के ग्लोबल अस्पताल भेजा जाएगा। बता दें कि लालू की खराब स्वास्थ्य को देखते हुए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है।