
नई दिल्ली। गुरुवार यानी आठ नवंबर को देश में नोटबंदी के दो साल पूरे हो गए। आज से सही दो साल पहले भाजपा नीत केंद्र सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था में प्रचलित 1000 और 500 के नोटों को बंद कर दिए था। नोटबंदी की सालगिरह पर कांग्रेस समेत आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस विपक्षियों पार्टियों ने पीएम मादी पर निशाना साधा है। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने नोटबंदी को लेकर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी भारतीय अर्थव्यवस्था पर एक बड़ी चोट थी, जिसके घाव समय के साथ गहरे होते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश नोटबंदी की मार से अभी तक मुक्त नहीं हो पाया है। पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
पूर्व पीएम ने सरकार के इस कदम को इसे 'बीमार सोच' वाला और 'मनहूस' कदम कहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि नोटबंदी से भारतीय अर्थव्यवस्था पर जो आफत आई, उसने प्रत्येक नागरिक को अपनी चपेट में लिया। उन्होंने कहा कि कहावत है कि समय सभी जख्मों को भर देता है लेकिन नोटबंदी के गहराते जा रहे हैं। कांग्रेस कल पीएम से नोटबंदी पर सात सवाल करेगी। आपको बता दें कि नोटबंदी के दौरान पुराने नोट बैंक से बदलने का आदेश जारी हुआ था, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। लोगों को पूरा-पूरा दिन नोट बदलने के लिए बैंकों के बाद लाइन में लगना पड़ा था। वहीं, केंद्र सरकार नोटबंदी को अपने कार्यकाल की उपलब्धि बताती रही है।
नोटबंदी की सालगिरह पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने नोटबंदी को देश की अर्थ व्यवस्था के लिए गहरा घाव बताया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी देश के लिए आज भी एक बड़ा रहस्य बना हुआ है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नोटबंदी के दिन को 'काला दिवस' बताया है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी नोटबंदी को देश के लिए बड़ा धक्का करार दिया है। उन्होंने एक ट्वीट कर नोटबंदी की 'कीमत' समझाई है।