मोदी के मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस पर साधा निशाना पूछा- कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान लोगों के लिए क्‍या किया मुसलमानों के हित में किए गए कार्यों का हिसाब दे कांग्रेस
नई दिल्ली। मोदी कैबिनेट में कद्दावर मंत्री नितिन गडकरी ने एक इंटरेक्शन प्रोग्राम में कहा कि एक बार कुएं में कूद जाऊंगा लेकिन कांग्रेस में नहीं जाऊंगा। मुझे मेरी विचारधार पर गर्व है। ये बात उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जारी बवाल के बारे पूछे गए एक सवाल के जबाव में कही।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जो पाकिस्तान से अवैध तरीके से भारत में घुस रहे हैं क्या उन्हें देश की नागरिकता दे देनी चाहिए? क्या उन्हें वोटिंग का अधिकार देना चाहिए? आखिर कांग्रेस पार्टी क्या कहना चाहती है?
उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि वो चाहती क्या है। क्या विदेशी घुसपैठियों को देश में चुनाव लड़ने का अधिकार दे देना चाहिए? कांग्रेस इसपर अपनी सफाई दे।
नितिन गडकरी ने कहा कि कांग्रेस ने पांच दशक से ज्यादा समय तक इस देश पर शासन किया। उन्होंने कहा कि अगर हम मुसलमानों के खिलाफ होते तो हम उनके वेलफेयर के लिए क्यों काम करते? कश्मीर की सबसे बड़ी समस्या है गरीबी, भुखमरी और बेरोजगारी। हम धर्म, जाति के आधार पर भेदभाव नहीं करते।
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कुछ ताकतें अल्पसंख्यकों में डर पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। उनसे प्रभावित होने की जरूरत नहीं है। जो लोग 1947 से देश में रह रहे हैं वे भारत के अंग हैं। चाहे वो किसी भी मजहब, धर्म, समुदाय, बिरादरी या जाति से ताल्लुक रखते हों।
बीजेपी के दिग्गज नेता नितिन गडकरी ने कांग्रेस से पूछा कि जिन पार्टियों को देश ने 50 साल शासन का मौका दिया उन्होंने मुसलमानों को क्या दिया? हिंदुओं के लिए कोई देश नहीं है, सिखों के लिए कोई देश नहीं है तो अगर कहीं उन्हें निकाला जाएगा तो उन्हें अपने यहां लाएंगे। मुसलमानों के लिए कई देश है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हम देश में बसे मुसलमानों के खिलाफ नहीं हैं। विदेशी मुसलमान घुसपैठियों के खिलाफ हैं।