इंदौर में पिछले 7 दिनों में कुल 2360 संक्रमित सामने आ चुके हैं। इनमें से 2221 एक्टिव मरीज बढ़े हैं। वहीं, 420 मरीज ठीक हो चुके हैं।
इंदौर. शहर में कोरोना संक्रमण के ओमिक्रॉन और डेल्टा वैरिएंट के सक्रिय होने के बाद संक्रमित मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई है। देशभर में आ रहे हजारों संक्रमितों के बीच इंदौर में भी संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इंदौर में पिछले 7 दिनों में कुल 2360 संक्रमित सामने आ चुके हैं। इनमें से 2221 एक्टिव मरीज बढ़े हैं। वहीं, 420 मरीज ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें भी गिनती के मरीज ही ऐसे हैं जिनमें कोरोना संक्रमण के ज्यादा लक्षण दिखाए दे रहे हैं। ज्यादातर मरीज ऐसे हैं जिनमें हल्के या न के बराबर लक्षण हैं। सिर्फ संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के कारण ही इन्हें अस्पताल में भर्ती रखा गया है। जिन मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है वे अधिकतम 3 से 5 दिन में ही सामान्य हो रहे हैं। राहत की बात यह है कि जितने भी लोगों में संक्रमण सामने आ रहा है, वे सभी सामान्य है और उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ रही है। बुधवार को जो 512 मरीज मिले थे उनमें से 61 मरीज 18 वर्ष से कम उम्र के थे।
250 से ज्यादा होम आइसोलेशन में
शहर में उन सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखने की सुविधा शुरू कर दी गई है, जिनके घर में अलग से रहने की सुविधा उपलब्ध है। पिछले 6 दिनों में सामने आए 1367 संक्रमित मरीजों में से करीब 245 मरीज ऐसे हैं जिन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं 61 मरीज कोविड केयर सेंटर व अस्पतालों में भर्ती हुए हैं।
6.41 प्रतिशत पर पहुंच गई संक्रमण दर
शुक्रवार को 618 नए मरीज मिले, जिससे पॉजिटिव दर एक दिन पहले 6.41 से बढ़कर 6.70 प्रतिशत हो गई है। एक जनवरी को संक्रमण दर 1.16 प्रतिशत थी, जिसमें 5.54 प्रतिशत का इजाफा हुआ। क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य डॉ. निशांत खरे ने शुक्रवार को एक दिन में 5 हजार से ज्यादा पॉजिटिव आने की आशंका जताई है।
15 से ज्यादा संक्रमित, पीपीई किट पहनाई
पैरामेडिकल स्टॉफ और डॉक्टर्स भी अब संक्रमण की चपेट में आने लगे हैं। 10 दिनों में 15 से ज्यादा स्टाफ संक्रमित हुआ है। इनमें 4 रेसिडेंट डॉक्टर्स हैं। हालांकि अधिकांश संक्रमित एसिम्प्टोमैटिक हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं। वहीं कोविड केयर सेंटर में शुक्रवार से स्टॉफ के लिए पीपीई किट पहनकर उपचार करना अनिवार्य कर दिया गया है।
इन क्षेत्रों में मिल रहे ज्यादा मरीज
पिछले 6 दिनों में कनाडिय़ा, पलासिया, राजेंद्र नगर, अन्नपूर्णा, जूनी इंदौर, एरोड्म, भंवरकुआं, एमओजी लाइंस, तिलक नगर, तुकोगंज आदि क्षेत्रों में सबसे ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। इसके चलते तय किया है कि अब जिन क्षेत्रों में ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं, उन्हें कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित कर एक हफ्ते तक मॉनिटरिंग की जाएगी।
हल्के बुखार से हो रही संक्रमण की शुरूआत
आपको बतादें कि संक्रमण की शुरूआत हल्के बुखार से हो रही है, ऐसे में लोगों को इस मौसम में काफी सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि सर्दी जुकाम और बुखार की चपेट में नहीं आएं।