राजनीति

पाटीदार आंदोलन के चलते ग्रामीण इलाकों में नहीं बज पाया बीजेपी का डंका, यहां हुआ है फायदा

गुजरात चुनावों में जीत भले ही बीजेपी की हुई है लेकिन यह बात भी उतनी ही सच है कि पाटीदारों ने यहां अपना बड़ा प्रभाव छोड़ा है।
2 min read
• •
Updated: 19 Dec 2017, 4:02 PM IST
patidar andolan

नई दिल्ली। गुजरात चुनावों में जीत भले ही बीजेपी की हुई है लेकिन यह बात भी उतनी ही सच है कि पाटीदारों ने यहां अपना बड़ा प्रभाव छोड़ा है। बेशक पाटीदार इस राज्य में बीजेपी को पांचवी बार सत्ता में आने से न रोक पाए हों, लेकिन बड़ी जीत का दावा कर रही इस पार्टी को 99 पर लाकर जरूर छोड़ दिया। यहां 52 सीटों पर पाटीदार समुदाय की 20 से अधिक फीसदी आबादी है, जहां बीजेपी ने 28 और कांग्रेस ने 23 सीटों पर जीत दर्ज की है।

पाटीदारों की वजह से ही सौराष्ट्र में बेहतर कर पाई कांग्रेस
एक निर्दलीय प्रत्याशी ने भी इन सीटों में से 1 सीट पर जीत दर्ज की। बता दें कि 2012 में बीजेपी ने 36 सीटें जीती थी और कांग्रेस ने 14, गुजरात परिवर्तन पार्टी ने 2 सीटों पर कब्जा जमाया था। जिसकी इस बार के परिणाम से तुलना करें तो स्पष्ट है कि यहां से कांग्रेस के लिए जरूर कुछ राहत की खबर है। सौराष्ट्र इलाके में आये परिणाम में कांग्रेस की शानदार स्थिति (कांग्रेस 30, बीजेपी 23 और एनसीपी 1) में भी पाटीदारों की बड़ी भूमिका है। हालांकि इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि सौराष्ट्र इलाके में कांग्रेस के प्रदर्शन के पीछे कुछ स्थानीय मुद्दों ने भी बड़ी भूमिका निभाई है।

दूसरे जातियों के वोटो के ध्रुवीकरण के चलते बाकी क्षेत्रों में बीजेपी की जीत
चुनाव नतीजों के विश्लेषणों से एक और बात समझ में आ रही है कि दूसरी जातियों की तरफ से हुए वोटों के ध्रुवीकरण की वजह से बीजेपी को गुजरात में सौराष्ट्र के अलावा बाकी तीन क्षेत्रों में जीत हासिल हुई।

पाटीदार आंदोलन के वजह से दूसरी जातियां भी एकजुट हुईं
गौरतलब है कि 1985 के दौर में राज्य में कांग्रेस की सफलता का फॉर्म्यूला क्षत्रिय-हरिजन-आदिवासी और मुस्लिम वर्ग के लोगों को साथ रखना था। जीत के इस चुनावी समीकरण के कारण कांग्रेस से पाटीदार बीच आये दूरियों को इस बार पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल ने काफी कम किया, जब उन्होंने कांग्रेस को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। पाटीदार आंदोलन के वजह से दूसरी जातियां भी एकजुट हुईं थी।

पाटीदार आरक्षण सौराष्ट्र का सबसे बड़ा मुद्दा
पाटीदार ऑर्गनाइजेशन कमिटी के अध्यक्ष सी. के पटेल ने पाटीदार आरक्षण मुद्दे को सौराष्ट्र और सूरत का सबसे बड़ा मुद्दा बताया।उन्होंने कहा सौराष्ट्र में बीजेपी के पिछड़ने का कारण किसानों और छोटे व्यापारियों की स्थानीय समस्याएं थीं।

सूरत आए पाटीदार अपनी जडों को भूल गए : गिरीश पटेल
वहीं सूरत में बीजेपी की जीत पर वरिष्ठ वकील गिरीश पटेल कहते हैं कि पाटीदारों का अंसतोष सूरत में वोट में तब्दील नहीं हो सका। पटेल का कहना है, 'सौराष्ट्र से सूरत आए पाटीदार अपनी जडों को भूल गए हैं और उन्हें किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं से कोई फर्क नहीं पड़ता।'

Published on: