
नई दिल्ली। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17वीं लोकसभा के पहले संसदीय सत्र शुरू होने से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने पहले से ज्यादा बड़े जनादेश के साथ सेवा का अवसर दिया है। आज नया सत्र शुरू हो रहा है। इस सत्र के साथ नई आशाएं तथा स्वप्न जुड़े हैं।
सबसे ज्यादा महिला सांसद
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा महिला वोटर्स ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही इस बार सबसे अधिक महिला सांसद सदन में चुनकर आई हैं।
जनहित वाले निर्णय का समर्थन करे विपक्ष
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कई दशकों के बाद किसी सरकार ने दूसरे कार्यकाल के लिए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। लोगों ने हमें देश की सेवा करने का अवसर दिया है। मैं, सभी पार्टियों से अनुरोध करता हूं कि उन निर्णयों का समर्थन करें, जो जनहित में हों।
सदन की गरिमा को ऊपर उठाएंगे
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष से ज्यादा निष्पक्षता की भावना महत्व रखती है। हम आने वाले पांच सालों के लिए इस सदन की गरिमा को ऊपर उठाने का प्रयास करेंगे। इस काम में सक्रिय विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण है। विपक्ष को अपने संख्याबल की चिंता नहीं करनी चाहिए। मुझे आशा है कि सदन में चर्चा के दौरान वो सक्रिय रूप से बोलेंगे और सदन की कार्यवाही में भाग लेंगे।