
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फानी चक्रवाती तूफान के बारे में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात ना करने का आरोप लगाया है। टीएमसी का कहना है कि पीएम मोदी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से बात कि लेकिन ममता बनर्जी को फोन नहीं किया। वहीं, सरकार के शीर्ष अधिकारियों ने इस बात का खंडन किया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीएमओ के अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी ने ममता बनर्जी से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। एक अधिकारी ने बताया कि ममता से बात नहीं होने के बाद पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी से बात की। अधिकारी के मुताबिक, पीएम के स्टाप ने दो बार मुख्यमंत्री से फोन पर बात कराने की कोशिश की थी। लेकिन दोनों बार स्टाफ से ये कहा गया कि मुख्यमंत्री की ओर से फोन किया जाएगा। वहीं, एक बार यह भी कहा गया की सीएम ममता यात्रा पर हैं।
आपको बता दें कि फानी तूफान ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कहर बरपाया है। जिसके बाद पीएम मोदी ने हालात का जायजा लेने के लिए बीते शनिवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को फोन किया था। पीएम ने पटनायक को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया है। वहीं, पीएम मोदी हालात का जायजा लेने के लिए 6 मई को ओडिशा का दौरा भी करेंगे। लेकिन टीएमसी की तरफ से आरोप लगाया जा रहा है कि पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से बात नहीं की। पार्टी के मुताबिक, पीएम ने राज्य के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी को फोन किया। इस पर टीएमसी ने नाराजी जाहिर की है।
Indian Politics से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitterपर ..
Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download patrika Hindi News App