राजनीति

अनंत कुमार के निधन पर राष्ट्रपति कोविंद, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया दुख, कर्नाटक के स्‍कूलों में छुट्टी

केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित अन्‍य दलों के नेताओं की ओर से संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला जारी है।
3 min read
• •
Updated: 12 Nov 2018, 8:53 AM IST
ananth kumar
अनंत कुमार के निधन पर राष्ट्रपति कोविंद, पीएम मोदी, शाह और राहुल गांधी ने जताया दुख, कर्नाटक के स्‍कूलों में छुट्टी

नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से वेंटीलेटर पर चल रहे केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन से देश भर में शोक की लहर है। 59 साल की उम्र में उनका यूं सबको छोड़के चले जाना सबको हैरान करने वाला है। देशभर में अनंत के चाहनेवालों समेत उनके साथ काम करनेवाले नेता उनके निधन की सूचना पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। उनके निधन पर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक के सीएम एचडी कुमारस्‍वामी और अन्‍य नेताओं ने संवेदना व्यक्त की है। बता दें कि अनंत कुमार लंबे अरसे से कैंसर से पीडि़त थे। उनके निधन पर कर्नाटक के स्‍कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है।

कर्नाटक के लोगों के लिए बड़ा झटका
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने शोक संदेश में कह है कि केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन के बारे में सुनकर मुझे दुख हुआ। उनका जाना देश और खासकर कर्नाटक के लोगों के लिए बड़ा झटका है। उनके परिवार, सहकर्मी और उनसे जुड़े अनगीनत लोगों के साथ मेरी संवेदना है।।

अच्‍छे कामों के लिए याद किया जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि मेरे सहकर्मी और दोस्त अनंत कुमार के निधन के बारे में सुनकर मुझे काफी दुख हुआ। वह शानदार नेता थे, जिन्होंने युवा के रूप में राजनीति में कदम रखा और अबतक अत्यंत परिश्रम और करुणा के साथ लोगों की सेवा में लगे थे। उन्हें हमेशा अच्छे कामों के लिए याद किया जाएगा। पीएम ने कुमार की पत्नी तेजस्विनी से भी बात की और उन्‍हें घैर्य रखने को कहा है।

कमी की भरपाई करना मुश्किल
भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह ने केंद्रीय मंत्री के निधन पर गहरी संवेदना व्‍यक्‍त की है। उन्‍होंने कहा कि अनंत जी एक असाधारण प्रशासक थे जिन्होंने विभिन्न मंत्रिस्तरीय पोर्टफोलियो से जुड़ी जिम्‍मेदारियों का निर्वहन किया। उनके गुजरने से भाजपा और भारतीय राजनीति में एक शून्य पैदा हो गया है। उनकी भरपाई करना मुश्किल भरा काम होगा। भगवान इस दुखद घटना और क्षति को सहने की क्षमता उनके परिवार और समर्थकों की ताकत दे।

निधन पर जताया दुख
कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मुझे आज सुबह बेंगलुरु में केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार जी के निधन की बात सुनकर झटका लगा और दुख हुआ। उन्‍होंने कुमार के परिवार के लोगों और दोस्तों के प्रति अपनी शोक संवेदना व्‍यक्‍त की है। उन्‍होंने कहा कि अनंत कुमार एक अच्‍छे नेता थे। उन्‍होंने कुमार के काम की भी सराहना की है।

लोक कल्‍याण के लिए उनका जुनून सराहनीय
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा है कि अपने वरिष्‍ठ साथी और दोस्त अनंत कुमार के ऐसे जाने से हैरान और दुखी हूं। लोगों के कल्याण के लिए उनका जुनून और लगन सराहनीय थी। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदना है।

दिल में बसता था बेंगलूरू
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अंनत कुमार के बारे में सुनकर काफी दुख हुआ। उन्होंने लंबा वक्त भाजपा को दिया। बेंगलुरु उनके दिल और दिमाग में बसता था। भगवान इस क्षति को सहने की शक्ति उनके परिवार को दे।

करीबी दोस्‍त खो दिया
कर्नाटक के सीएम एचडी कुमारस्‍वामी ने अनंत कुमार के निधन पर बताया है कि मैंने एक महान दोस्त खो दिया है। वह एक मूल्य आधारित राजनेता थे। उन्‍होंने एक सांसद के रूप में अपने प्रदेश और देश के विकास में सराहनीय योगदान दिया। भगवान उनकी आत्‍मा को शांति प्रदान करें और परिजनों और दोस्‍तों को इस क्षति को सहने की क्षमता दें। प्रदेश सरकार ने उनकी याद में कर्नाटक के सभी स्‍कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।

देश की लिए बड़ी क्षति
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि अनंत कुमार जी की मौत देश के लिए एक बड़ी हानि है और मेरे लिए व्यक्तिगत नुकसान भी है। वह हम सभी के लिए एक महान मित्र और गाइड थे। हाल के कर्नाटक चुनावों में हमने काम किया और उसकी अचानक मौत चौंकाने वाली है।

झुका रहेगा राष्‍ट्रीय घ्‍वज
भारत सरकार ने संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार के निधन पर तीन दिनों तक सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। केंद्र सरकार ने उनके सम्‍मान में इस बात की घोषणा की है।

Published on: