राजनीति

..तो इसलिए मोदी पर हमले का कोई मौका नहीं छोड़ रहीं प्रियंका गांधी

चुनावी समर में एक दूसरे पर आरोप लगाने में जुटे नेता चुनाव के दौरान गांधी से दुर्योध्न तक पहुंची राजनीति राजीव गांधी पर मोदी और प्रियंका गांधी आमने-सामने

3 min read
..तो इसलिए मोदी पर हमले का कोई मौका नहीं छोड़ रहीं प्रियंका गांधी

नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे आखिरी चरण की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में सियासी पारा भी गर्म हो रहा है। राजनीतिक दलों के नेता एक दूसरे पर व्यक्तिगत हमले करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा घटनाक्रमों पर नजर डालें तो कांग्रेस और भाजपा के बीच वाकयुद्ध छिड़ा हुआ है। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस नेताओं पर तीखा प्रहार कर रहे हैं, तो वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी चुन चुनकर जवाब दे रही हैं। पिछले दिनों मोदी द्वारा पूर्व पीएम राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर 1 कहने पर प्रियंका गांधी आगबबूला हो गईं। प्रियंका सभाओं से लेकर सोशल मीडिया तक मोदी के खिलाफ तीखे शब्दबाण चल रही हैं।

भ्रष्टाचारी नबंर-1 पर मचा सियासी घमासान

आखिरी दो चरणों के चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार में राजीव गांधी के नाम को उछालकर विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। मोदी ने सबसे पहले प्रतापगढ़ में राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी बताया। बोफोर्स में दलाली के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को जिम्मेदार ठहराया। जिसके बाद प्रियंका ने वहीं कि सभा में जवाब दिया। प्रियंका गांधी ने मोदी की तुलना कौरव वंश के दुर्योधन से की थी जिसे उसकी अहंकार के लिए जाना जाता था। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री को स्कूल का वह बच्चा बताया जो असफल होने के बाद बहाने ढूंढता है। गुरुवार को प्रियंका ने मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मैंने इनसे बड़ा कायर और कमजोर प्रधानमंत्री नहीं देखा। इससे पहले अंबाला की रैली में प्रियंका गांधी ने मोदी का घमंड दुर्योधन जैसा बताया। प्रियंका ने कहा कि इस देश ने कभी घमंड को माफ नहीं किया। इतिहास इस बात का गवाह है कि दुर्योधन में इतना अहंकार था कि जब भगवान श्रीकृष्ण उसे समझाने आए तो उसने उन्हें बंदी बनाना चाहा।

पीएम मोदी को 'दिल्ली' की चुनौती

दिल्ली में अपने रोड शो के दौरान उन्होंने मोदी को चुनौती दी कि मतदान के दो अंतिम चरणों में वे जीएसटी, नोटबंदी, महिला सुरक्षा और युवाओं को किए गए वादों के मुद्दों पर चुनाव लड़ कर दिखाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा कांग्रेस सरकारों पर किए गए हमले के जवाब में कहा कि उनकी हालत स्कूल के उस बच्चे की तरह है जो कभी अपना होमवर्क नहीं करता। जब शिक्षक उससे पूछते हैं तो वह कहते हैं नेहरू जी ने मेरा पेपर लेकर उसे छिपा लिया और इंदिरा जी ने कागज की नाव बना कर उसे पानी में बहा दिया।

शायराना अंदाज में पीएम मोदी पर बरसीं प्रियंका

मनोविज्ञान और बौद्ध अध्ययन की छात्र रहीं प्रियंका ने मोदी पर हिंदी के कवि रामधारी सिंह दिनकर पंक्तियों के जरिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्होंने लिखा था कि जब मनुष्य विनाश की ओर अग्रसर होता है, तो सबसे पहले वह जो खोता है, वह है सही और गलत के बीच अंतर करना। प्रियंका गांधी इससे पहले भी मोदी पर निशाना साध चुकी हैं। मोदी ने कहा था कि प्रियंका बेटी की तरह हैं। इसपर प्रियंका नाराज हो गई थीं। उन्होंने कहा था कि वह राजीव गांधी की बेटी हैं।

प्रियंका को कांग्रेस ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

दरअसल इसी बार कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस महासचिव बनाकर उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है। प्रियंका अपने भाई राहुल गांधी को पीएम की कुर्सी तक पहुंचाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रही हैं। प्रियंका गांधी मोदी के आरोपों को लगातार जवाब दे रही हैं। सियासत में नेताओं के आरोप- प्रत्यारोपों का असर क्या होगा यह तो चुनाव परिणाम आने के बाद ही तय होगा। फिलहाल प्रियंका गांधी पीएम मोदी पर आरोपों की झड़ी लगा रखी हैं।

Updated on:
10 May 2019 09:32 am
Published on:
10 May 2019 07:05 am
Also Read
View All