उचित कीमत पर समय से फसल की खरीद कराए योगी सरकार। प्रदेश के करोड़ों किसान धान की खरीद न होने से परेशान। यूपी के किसानों का नमी के नाम पर न हो शोषण ।
नई दिल्ली। फार्म बिल और हाथरस कांड को लेकर पहले से नाराज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ( Priyanka Gandhi ) ने सही समय से किसानों के फसल की खरीद न होने पर सख्त नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस महासचिव ने प्रदेश के करोड़ों किसानों की समस्याओं का समाधान तत्काल न होने पर योगी सरकार के खिलाफ आंदोलन ( agitation ) शुरू करने की भी चेतावनी दी है।
उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में धान की खरीद कम होने से किसान परेशान हैं। यूपी सरकार को तुरंत इसमें हस्तक्षेप करना चाहिए। प्रदेश सरकार न केवल धान ( Paddy Crops ) की खरीद सुनिश्चित करे बल्कि किसानों को उचित दाम भी दिलाए।
पहली बार गेहूं से कम रेट पर बिक रहा है धान
किसनों की समस्या को लेकर प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि उत्तर प्रदेश के धान किसान बेहद परेशान हैं। धान की खरीद बहुत कम हो रही है। थोड़ी सी खरीद हो रही है तो 1200 रुपए से कम रेट पर। यही धान कांग्रेस सरकार में 3,500 रुपए तक बिका था। नमी के नाम पर किसानों का शोषण हो रहा है। पहली बार ऐसा है कि धान, गेंहू से सस्ता बिक रहा है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर योगी सरकार ( Yogi Government ) इसी तरह चैन की नींद सोई रही तो किसान की लागत भी नहीं निकलेगी। प्रदेश का किसान अगली फसल कैसे लगाएगा? बिजली बिल में लूट चल ही रही है। मजबूरन किसान कर्ज के जाल में फंसता जा रहा है।
अब महिलाएं भी नहीं रहेंगी चुप
बता दें कि एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को लेकर सरकार को निशाने पर लिया था। उन्होंने प्रदेश सरकार पर महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ने का आरोप लगाया था। पीड़ित महिलाओं की सच्चाई और उनकी आवाज को सुनने की बजाए यूपी सरकार उन्हीं को बदनाम करने पर तुली है। महिलाओं पर आरोल लगाना को उन्होंने सबसे शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब चुप नहीं रहेंगी। प्रियंका ने कहा कि एक बहन को दोषी ठहराया तो लाखों बहनें अपनी आवाज बुलंद करेंगी और उनके साथ खड़ी होंगी।