
पुडुचेरी। देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में पुडुचेरी की राज्यपाल किरण बेदी अपनी सख्त मिजाज के लिए जानी-पहचानी जाती हैं। उपराज्यपाल बनने के बाद पुडुचेरी की वी नारायणसामी सरकार के बीच कई बार टकराव देखने को भी मिला है। ताजा मामले में फिर से बेदी और एक विधायक के बीच टकराव की खबरें आई हैं। दरअसल मंगलवार को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर पुडुचेरी को खुले में शौच (ओडीएफ) से मुक्त राज्य घोषित करने के लिए आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में किरण बेदी और एआईएडीएमके विधायक के बीच मंच पर ही जमकर कहासुनी हो गई।
क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि यह वाकया तब घटी जब विधायक ए. अनबालागन भाषण देने के लिए मंच पर पहुंचे थे। विधायक भाषण दे रहे थे कि इसी बीच किसी बात को लेकर किरण बेदी उनपर बरस पड़ी। इसपर विधायक ने भी किरण बेदी को खुब सुनाया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मंच पर बड़ी संख्या में विधायक और राजनीतिक दलों के लोग मौजूद थे। दोनों के बीच बढ़ती कहासुनी को रोकने के लिए मंच पर मौजूद लोग सामने आए। जिसके बाद नाराज विधायक अपना भाषण पूरा किए बिना ही वहां से चले गए।
किस बात को लेकर दोनों के बीच हुई बहस
बता दें कि मीडिया के बीच जो वीडियो सामने आया है उसमें किरण बेदी विधायक को जाने के लिए कह रही हैं। जिसके बाद विधायक ने भी खरी-खोटी सुनाते हुए दो बार कहा 'प्लीज गो', 'प्लीज गो'। बताया जा रहा है कि भाषण के दौरान विधायक का माइक बंद हो गया था। वे अपने भाषण के दौरान पुडुचेरी सरकार की अहम मुद्दों पर आलोचना कर रहे थे। इधर विधायक अनबलगन ने सीधे-सीधे आरोप लगाया है कि किरण बेदी के इशारे पर ही उनका माइक को स्वीच ऑफ कर दिया। यही वजह है कि किरण बेदी विधायक पर भड़क गई। इस पूरे प्रकरण के बाद विधायक मंच छोड़कर कार्यक्रम से चले गए।
किरण बेदी ने किया ट्वीट
आपको बता दें कि इस पूरे प्रकरण के बाद उपराज्यपाल किरण बेदी ने एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट में बेदी ने लिखा है कि 'एक विधायक का माइक उस वक्त बंद कर दिया गया, जब वह सम्मानित मंत्रियों की मौजूदगी में अपना भाषण संक्षिप्त करने की गुजारिश के बावजूद बोले चले जा रहे थे। उन्होंने सभी की अपील ठुकरा दी। इसके बाद वह भड़क उठे। ऐसा करते हुए मैं उन्हें पहले भी देख चुकी हूं। पुडुचेरी को ओडीएफ बनाने की दिशा में अच्छा काम करने वालों को सम्मानित करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।’