
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को एक कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) के ड्राफ्ट पर राहुल ने कभी जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, 'आज विपक्ष पूरे देश को भटका रहा है। केंद्र सरकार ने एनआरसी ड्राफ्ट सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर तैयार किया है। यह असम से बांग्लादेशी घुसपैठियों को निकालने की पहल है। ममता बनर्जी कहती हैं कि एनआरसी को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी भी ऐसा ही मानती है। मैंने राहुल गांधी से पूछा है कि देश में एनआरसी होना चाहिए या नहीं? लेकिन उन्होंने कभी जवाब नहीं दिया।'
सपा-बसपा से भी पूछा क्या करें बांग्लादेशियों का?
शाह का यह बयान दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के उद्घाटन समारोह पर आयोजित कार्यक्रम में सामने आया। अब तक यह स्टेशन मुगलसराय जंक्शन के नाम से जाना जाता था। शाह ने अपने कार्यक्रम में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को भी अपना रुख साफ करना चाहिए और बताना चाहिए कि उन्हें रखना है या भगाना है?
'राहुल बताएं भाजपा की मदद करेंगे या नहीं?'
इसके बाद शाह ने राहुल से यह भी पूछा कि ओबीसी बिल को लेकर कांग्रेस संसद में भाजपा का समर्थन करेगी या नहीं? उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी दो नए बिल लाने को तैयार हैं। इनमें से एक पिछड़े वर्गों को ओबीसी आयोग के हिस्से के रूप में संवैधानिक अधिकार देने के लिए है। इसे भाजपा लोकसभा में पास कराएगी और फिर राज्यसभा के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि वे इस बात की पुष्टि करें कि कांग्रेस पार्टी इस बिल को पास कराने में हमारी मदद करेगी या नहीं? कांग्रेस गरीबी की बात करती है। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं आपने गरीबों के लिए क्या किया? हमने गरीब महिलाओं को 4.5 करोड़ सिलेंडर दिए, 7.5 करोड़ शौचालय बनवाए, दो करोड़ लोगों को घर दिए, दो करोड़ से ज्यादा लोगों को बिजली उपलब्ध कराई और 12 करोड़ युवाओं को मुद्रा बैंक के तहत लोन दिए।'