राजनीति

राहुल गांधी Exclusive: ‘नोटबंदी और GST के नुकसान की भरपाई नहीं कर सकते शौचालय’

राहुल गांधी ने मोदी सरकार के कामकाज के आकलन पर रखी अपनी राय कुछ घातक फैसलों ने बिगाड़ा देश की अर्थव्यवस्था का हाल कांग्रेस पार्टी आएगी तो ये जो नुकसान हुआ है, इसको ठीक करेगी।
2 min read
rahul
राहुल गांधी का मोदी सरकार पर तंज- नोटबंदी और GST के नुकसान की भरपाई नहीं कर सकते शौचालय

नई दिल्ली। देश में इस समय लोकसभा चुनाव का महासमर जारी है। चुनाव के तीन चरण संपन्न हो चुके हैं, जबकि चार चरणों के मतदान अभी शेष हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच बयानबाजी, प्रतिक्रिया और मुबाहिसों के दौर तेज हो चले हैं। नेता एक-दूसरे की खामियों और अपनी उपलब्धियों को गिनाने में जुटे हैं। चुनाव की इसी सरगर्मी के बीच पत्रिका समूह के डिप्टी एडिटर भुवनेश जैन ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से खास बातचीत की और मोदी सरकार के काम-काज के प्रति उनका नजरिया जाना। इस दौरान राहुल गांधी ने खुलकर अपनी राय रखते हुए भाजपा सरकार की खामियों को गिनाया।

राहुल गांधी ने कहा कि उनके मुताबिक,सबसे जरूरी है देश में प्रगति लाना और देश की भावना को समझना। अगर देश आत्मविश्वास के साथ काम कर रहा है, तो आप किसी भी समस्या को दूर कर सकते हैं। अगर देश उलझन में है, डरा हुआ है, बंटा हुआ है, तो वह कुछ भी नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी सफलताएं मिल सकती हैं, लेकिन हिंदुस्तान की शक्ति और इसकी प्रगति की दिशा को बाधित कर दिया गया है। आप यह कह सकते हैं कि मैंने बहुत सारे शौचालय बना दिये, लेकिन उससे कोई लाभ नहीं होने वाला है। जितना आपने नोटबंदी से दुकानदारों, छोटे व्यापारियों और देश का नुकसान किया है, उसकी भरपाई ये चीजें नहीं कर सकतीं।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आएगी तो ये जो नुकसान हुआ है, इसको ठीक करेगी। देश को जोड़ेगी और किसानों में विश्वास पैदा करेगी। हम किसानों को अलग बजट देंगे। उनके लिए नया कानून बनाएंगे, ताकि कर्ज नहीं लौटाने पर उनको जेल में नहीं डाला जा सके। युवाओं के लिए प्रावधान होगा कि नया कारोबार खोलने के लिए 3 साल तक किसी मंजूरी की जरूरत नहीं होगी। 3 साल बाद जब उनका कारोबार चल निकलेगा और वे तैयार होंगे, तब वे मंजूरी लें। ये सब हम हिंदुस्तान के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए कर रहे हैं। गरीबों से कह रहे हैं कि घबराओ मत, आपके खाते में 72 हजार आएंगे।

Updated on:
28 Apr 2019 09:12 am
Published on:
27 Apr 2019 02:18 pm