
नई दिल्ली। विकास पागल हो गया वाले बयान को लेकर काफी चर्चा में रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस बार पीएम मोदी पर तंज कसा है। उन्होंने फिल्मी अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा कि जीएसटी का मतलब है ये कमाई मुझे दे दो। यहां राहुल गांधी ने वस्तु एंव सेवा कर का मजाक बनाने के लिए शोले फिल्म के मशहूर डॉयलॉग का सहारा लिया है। बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने गांधी नगर स्थित जनादेश रैली में जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स बताया था।
जीएसटी को बताया था गब्बर सिंह का टैक्स
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि PM मोदी के ट्वीट का मतलब है 'ये कमाई मुझे दे दे'। यही नहीं राहुल ने जीएसटी लाने का श्रेय कांग्रेस को देते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस की जीएसटी का मतलब 'जेनुइन सिंपल टैक्स' है। लेकिन वर्तमान सरकार ने इसका मतलब ही बदल दिया है। बता दें कि सोमवार को ही गांधीनगर में आयोजित जनादेश रैली में ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर को ज्वाइनिंग कराते समय बीजेपी सरकार द्वारा लागू की गई नई कर प्रणाली जीएसटी को शोले वाले 'गब्बर सिंह टैक्स' कहा था। जिसके बाद मंगलवार को राहुल ने फिर से जीएसटी पर निशाना साधा।
सरकार ने जीएसटी को रूप बिगाड़ा
बता दें कि गुजरात रैली में कांग्रेस उपाध्यक्ष ने मोदी सरकार की जीएसटी को गब्बर सिंह का टैक्स बताते हुए कहा था कि जीएसटी हम लाए थे। हमारी जीएसटी में कारोबारियों की मुश्किलों को दूर करने के सभी प्रावधान शामिल किए गए थे, लेकिन सरकार ने अपनी चलाई और हमारी एक भी बात नहीं सुनी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस एक टैक्स लगाना चाहती थी, लेकिन सरकार 5-5 टैक्स ले आई। हम 18 प्रतिशत का कैप चाहते थे, जिसका खारिज कर दिया है। नतीजा यह हुआ कि कारोबारी जीएसटी से परेशान हुआ घूम रहा है।