राजनीति

शशि थरूर ने पीएम की नेकनीयती पर उठाए सवाल, कहा- मोदी को मुस्लिम टोपी से परहेज क्‍यों?

पीएम मोदी से थरूर इतना चिढ़ते हैं कि उनके लिबास के रंगों के चयन पर भी एतराज करने से बाज नहीं आते।
2 min read
• •
Updated: 6 Aug 2018, 9:42 AM IST
pm modi
शशि थरूर ने पीएम की नेकनीयती पर उठाए सवाल, कहा- मोदी को मुस्लिम टोपी से परहेज क्‍यों?

नई दिल्‍ली। हाल ही में हिंदू पाकिस्‍तान वाले बयान को लेकर विवादों में रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने अब पीएम मोदी की नेकनीयती पर सवाल उठाया है। उन्‍होंने तिरुवनंतपुरम में नफरत के खिलाफ खड़े होने और असहिष्णुता एवं हिंसा विषय पर बोलते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी सभी तरह के कपड़े पहनते हैं। लेकिन मुस्लिम टोपी नहीं पहनते। खास बात ये है कि उन्‍हें इससे परहेज क्‍यों है?

लिवास के रंग पर भी सवाल
इस अवसर पर उन्‍होंने मोदी और आरएसएस से लेकर सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश के साथ झारखंड में एक कार्यक्रम में हुई बदसलूकी का भी जिक्र किया और उन पर हमला करने वालों की जमकर भर्त्‍सना की। उन्‍होंने पीएम के कपड़े के रंगों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को कभी किसी ने हरे रंग के कपड़े में नहीं देखा होगा। थरूर ने स्वामी विवेकानंद की याद दिलाते हुए कहा कि आज स्वामी विवेकानंद होते तो वे स्वामी अग्निवेश पर हमला करने वाले गुंडों के निशाने पर भी होते। मोदी सरकार के कार्यकाल में दंगों का आंकड़ा भी सामने रखा। मोदी के अब तक के शासन काल में 2920 दंगे हुए। इन दंगों में 389 लोगों की हत्या हुई और आठ हजार से ज्यादा लोग घायल हुए।

एमजे अकबर को बनाया ढाल
थरूर ने भाजपा के खिलाफ बयान देने के लिए केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर को भी ढाल बनाया। उन्‍होंने कहा कि अकबर ने मुझे एक बार कहा था कि भाजपा देश के लिए एक खतरनाक पार्टी है। इतना ही नहीं उन्‍होंने भाजपा को सांप्रदायिक पार्टी भी बताया। हाल ही में शशि थरूर ने पीएम मोदी सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा था कि यही हाल रहा और 2019 में मोदी पीएम बने तो भारत हिंदू पाकिस्‍तान हो जाएगा। उसके बाद उन्‍होंने एक और बयान देते हुए कहा था कि भारत में इंसान से ज्‍यादा गाय सुरक्षित है।

Published on: