शत्रुघ्न सिन्हा ने अगामी लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर बड़ा ऐलान किया है।
नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से देश में सियासी घमासान तेज है। इस परिणाम को अगामी लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी बीच भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बड़ा ऐलान किया है। सिन्हा ने कहा कि वो अगामी लोकसभा चुनाव पटना साहिब से ही लड़ेंगे।
शत्रुघ्न सिन्हा का बड़ा ऐलान
शत्रुघ्न सिन्हा के तेवर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को सिन्हा दिल्ली से पटना पहुंचे। पटना पहुंचते ही शॉट गन ने अपने बयान से सनसनी मचा दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वे 2019 का लोकसभा चुनाव कहां से लड़ेंगे। वे इस सीट को छोड़ने वाले नहीं हैं। हालांकि, जब उनसे यह सवाल किया गया कि वे किसी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे तो वह जवाब देने से बचते नजर आए। हालांकि, बाद में उन्होंने इस सवाल पर कहा खामोश। इससे
अंदाजा लगाया जा रहा है कि सिन्हा भाजपा से शायद चुनाव न लड़ें। हालांकि, राजनीति में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। पिछले कुछ दिनों में सिन्हा की आरजेडी से भी नजदीकियां बढ़ी है। बहरहाल, यह आने वाला समय ही बताएगा कि सिन्हा किस पार्टी से अगामी लोकसभा चुनाव में ताल ठोकेंगे।
भाजपा पर साधा निशाना
वहीं, शत्रुघ्न सिन्हा ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मिली पराजय पर कहा कि यह दिन तो देखना ही था। नोटबंदी से लेकर जीएसटी तक इसके प्रमुख कारण हैं। सबसे बड़ा कारण किसानों की अनदेखी है। बीजेपी के पिछले साढ़े चार सालों में उनकी आय बढ़ने के बजाय घटती चली गई। इसके बाद भी पार्टी के कुछ नेता गलत बयानबाजी से बाज नहीं आ रहे थे। इतना ही नहीं, पार्टी के स्तंभ लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा जैसी हस्तियों को साइड कर दिया गया, जिसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ रहा है। अभी भी वक्त है कि पार्टी संभल जाए।