राजनीति

शिवसेना का भाजपा के साथ गठबंधन से इनकार, पीएम पद के लिए गडकरी का समर्थन

आगामी लोकसभा चुनाव में शिवसेना ने भारतीय जनता पार्टी के साथ किसी भी तरह के गठबंधन से इनकार किया है।
2 min read
• •
Updated: 23 Jan 2019, 10:54 AM IST
Shiv Sena
शिवसेना का भाजपा के साथ गठबंधन से इनकार, पीएम पद के लिए गडकरी का समर्थन

नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव में शिवसेना ने भारतीय जनता पार्टी के साथ किसी भी तरह के गठबंधन से इनकार किया है। पार्टी ने संकेत दिया है कि चुनाव में किसी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा और चुनावी परिणाम पूरी तरह से त्रिशंकु रहेंगे। शिवसेना सांसद संजय राउत ने यह भी कहा कि चुनाव में त्रिशंकु नतीजे आने पर भाजपा नेता गडकरी ही प्रधानमंत्री पद के दावेदार होंगे। राउत ने कहा कि अगर ऐसे स्थिति बनती है तो शिवसेना गडकरी का समर्थन करेगी।

एक अंग्रेजी समाचार पत्र को दिए इंटरव्‍यू में संजय राउत ने कहा कि शिवसेना के शब्‍दकोष में गठबंधन जैसा कोई शब्‍द नहीं है। शिवसेना नेता ने भाजपा को केवल खुद के बारे में सोचने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि क्योंकि भाजपा हर मामले को केवल खुद की सोच रही है, तो हम भी क्यों ना केवल अपने बारे में सोचेंगे? आपको बता दें कि भाजपा और शिवसेना के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही है। रफाल डील को लेकर भी शिवसेना ने कांग्रेस की संयुक्‍त संसदीय आयोग(जेपीसी) की मांग को सही ठहराया था औ उसका समर्थन किया था। इसके साथ ही भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह भी अपने कार्यकर्ताओं से महाराष्‍ट्र में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं।

वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के स्मारक निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। महाराष्ट्र कैबिनेट ने मंगलवार को इस प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी। बाला साहेब के स्मारक के लिए बीएमसी बुधवार को महापौर बंगला एमएमआरडीए को सौंप देगी। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि महाराष्ट्र सरकार के इस कदम से भाजपा और शिवसेना के बीच चली आ रही तनातनी में कमी देखने को मिलेगी।

Updated on:
23 Jan 2019, 10:54 AM IST
Published on: