राजनीति

टीडीपी के 21 सांसद हिरासत में, केजरीवाल ने की पीएम मोदी की निंदा

केजरीवाल ने रविवार को तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के 21 सांसदों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर पीएम मोदी की निंदा की है।
2 min read
• •
Updated: 8 Apr 2018, 6:34 PM IST
kejriwal-modi

नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निंदा की है। केजरीवाल ने रविवार को तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के 21 सांसदों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर पीएम मोदी की निंदा की है। बता दें कि टीडीपी के 21 सांसद आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर पीएम आवास की ओर जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने सभी सांसदों को हिरासत में ले लिया।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी निंदा करते हुए कहा कि 'टीडीपी सांसदों द्वारा की जा रही मांग पूरी तरह से सही है।' यह हमारे देश की राजनीति का सबसे बड़ा दुर्भाग्य है कि सांसदों या विधायकों द्वारा की जा रही मांग पर केंद्र सरकार उन्हें जेल में डाल देती है। यह बेहद दुखद घटना है कि जब सांसद पीएम से मिलने गए तो सम्मानित सांसदों को जेल भेजा दिया गया।

यह लोकतंत्र नहीं, अहंकार है : केजरीवाल

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सांसदों से मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि 'यह लोकतंत्र नहीं है, यह सही नहीं है। यह अहंकार है। हम इसकी आलोचना करते हैं और उनकी मांग का पूरी तरह समर्थन करते हैं।"
आपको बता दें कि सभी सांसदों को पुलिस ने रेस कोर्स रोड से हिरासत में ले लिया और उन्हें एक बस में भर दिया गया। सांसद रेस कोर्स रोड से प्रधानमंत्री आवास की तरफ जा रहे थे। इन सांसदों में पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक गजपति राजू व जे.सी. दिवाकर रेड्डी भी शामिल थे।

क्या है सांसदों की मांग

आपको बता दें कि आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर तेलुगु देशम पार्टी के सांसद रविवार को दिल्ली में लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। सांसद जमीन पर लेटकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे सांसदों को जब पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो सांसद वहां से उठने से इनकार करने लगे। जिसके बाद पुलिस ने सांसदों को हिरासत में ले लिया और सभी को बस में बैठाकर थाने ले गई। सांसदों ने केंद्र सरकार पर आंध्र के साथ भेदभाव का भी आरोप लगाया।

Published on: