राजनीति

चंद्रबाबू नायडू ने पीएम मोदी के पुराने वीडियो को दिखाकर लगाया ‘धोखा’ का आरोप

आंध्र प्रदेश के सीएम ने पीएम मोदी पर वीडियो के जरिए वार किया है। पुराने भाषण को दिखाकर उन्होंने धोखा देने का आरोप लगाया।

2 min read

तिरुपतिः आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तिरुपति में सोमवार शाम एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना वीडियो दिखाकर चंद्रबाबू नायडू ने पीएम को झूठा साबित करने की कोशिश की। वीडियो दिखाते हुए उन्होंने कहा कि विशेष राज्य का दर्जा देने का पीएम ने वादा किया था लेकिन उन्होंने इसे निभाया नहीं। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी ने प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप में भगवान वेंकटेश्वरा के सामने जो वादे किए थे, उसे उन्होंने पूरा नहीं किया। श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय मैदान में आयोजित जनसभा में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे। इसी स्थान पर प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप में मोदी ने चार वर्ष पहले एक जनसभा को संबोधित किया था।

वीडियो दिखाकर मोदी को साबित किया झूठा
वीडियो क्लिप में मोदी वेंकैया नायडू की इस बात के लिए प्रशंसा कर रहे हैं कि उन्होंने तत्कालीन संप्रग सरकार से विशेष दर्जे का वादा करवा लिया। नायडू मोदी के भाषण का तेलुगू में अनुवाद कर रहे थे। उसके बाद उन्होंने जनसमूह से कहा कि सत्ता में आने के बाद वह इस वादे को पूरा करेंगे। नायडू ने एक अन्य चुनावी जनसभा में मोदी के भाषण की वीडियो क्लिप दिखाई। इसमें मोदी ने जनता को भरोसा दिया है कि सत्ता में आने के बाद वह राज्य की नई राजधानी इस तरह बनाएंगे कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी उसके आगे छोटी दिखेगी। मुख्यमंत्री ने जनसमूह को मोदी के भाषण का एक और वीडियो दिखाया, जिसे उन्होंने अमरावती में 22 अक्टूबर, 2015 को नई राजधानी की आधारशिला रखे जाने के बाद दिया था। सभा में मोदी ने संकल्प लिया था कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम में किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा।

सीएम ने पूछे जनता से सवाल
चंद्रबाबू नायडू ने 2014 के चुनाव प्रचार अभियान के दौरान मोदी के तरफ से किए गए वादों को याद दिलाते हुए जनसमूह से बार-बार पूछा कि "क्या यह धोखा नहीं है?"विशेष दर्जे की मांग पर किसी तरह के समझौते की बात नकारते हुए नायडू ने घोषणा की कि टीडीपी अपनी लड़ाई जारी रखेगी। नायडू ने कहा कि टीडीपी राज्य हित में एनडीए में शामिल हुई थी। उन्होंने कहा कि 2014 में राज्य के बंटवारे के समय जो वादे किए गए थे, उसे हासिल करने के लिए उनकी पार्टी ने हमेशा लड़ाई लड़ी है। बता दें कि टीडीपी ने राज्य को विशेष दर्जा देने से केंद्र सरकार के इंकार के बाद मार्च में एनडीए से अलग हो गई थी।

ये भी पढ़ें

मोदी सरकार दे सकती है 4 बड़े तोहफे, आपका जीवन हो जाएगा आसान
Published on:
30 Apr 2018 10:06 pm
Also Read
View All