राजनीति

तेजस्‍वी यादव: लालू के बेटों के बीच फूट डालकर नीतीश चचा बिहार में करना चाहते हैं राज

बिहार में सत्ता में बैठे लोग अपनी उपलब्धियों की चर्चा करने के बजाए लालू परिवार के भीतर क्या हो रहा है के जरिए लोकसभा में वोट चाहते हैं ।
2 min read
Oct 01, 2018
Tejaswi
तेजस्‍वी यादव: लालू के बेटों के बीच फूट डालकर नीतीश चचा बिहार में करना चाहते हैं राज

नई दिल्‍ली। आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्‍होंने कहा कि चचा सीएम की कुर्सी पर बने रहने के लिए लालू के बेटों में फूट डालना चाहते हैं। एक षडयंत्र के तहत उन्‍होंने लालू परिवार में फूट की खबर को फैलाने का काम किया है। उन्‍होंने अपने परिवार के भीतर किसी प्रकार की कलह की चर्चा को पूरी तरह से खारिज करते हुए आरोप लगाया है कि इस तरह की अफवाहों के पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाथ है।

लालू समर्थकों को तोड़ना चाहते हैं मनोबल
आरजेडी नेता तेजस्‍वी यादव ने चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख व पिता लालू प्रसाद से रांची स्थित रिम्स में मुलाकात के बाद मीडिया के सवालों के जवाब में ये बात कही। मुलाकात के बाद जब मीडिया ने उनसे सवाल पूछा कि क्‍या आप पारिवारिक कलह के निदान के लिए पिता से मिलने गए थे? इसके जवाब में उन्‍होंने कहा कि परिवार में किसी प्रकार की कलह नहीं है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि इस तरह की झूठा अफवाहों के पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं और वह राजद के समर्थकों का मनोबल तोडने के उद्देश्य से ऐसा कर रहे हैं ।

ये है मोदी का न्‍यू इंडिया
तेजस्‍वी यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र और बिहार में सत्ता में बैठे लोग अपनी उपलब्धियों की चर्चा करने के बजाए उनके परिवार के भीतर क्या हो रहा है, उसके जरिए वोट चाहते हैं । यह नरेंद्र मोदी का न्यू इंडिया है। उन्‍होंने मीडिया को बताया कि राजद आगामी दिसंबर महीने में पटना में एक रैली आयोजित करने पर विचार कर रही है जिसमें महागठबंधन के अलावा समान विचार वाले अन्य दलों को भी आमंत्रित किया जाएगा । विभिन्न दलों के साथ बातचीत के बाद रैली की तिथि तय की जाएगी। तेजस्वी ने कहा कि वह अपने संविधान बचाओ, न्याय यात्रा के दूसरे चरण की शुरूआत छह अक्तूबर के बाद गोपालगंज से करेंगे ।

Updated on:
01 Oct 2018 09:12 am
Published on:
01 Oct 2018 09:12 am