Maharashtra Political Crisis शिवसेना विधायकों की मातोश्री में बैठक उद्धव ने बताया क्यों छोड़ा भाजपा का साथ शाम तक सीएम पद के नाम पर लगेगी मुहर
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में नई सरकार बनने की घड़ियां अब नजदीक लग रही हैं। शिवसेना की अगुवाई में कांग्रेस और एनसीपी की सरकार बनना करीब-करीब तय हो गया है। शुक्रवार देर शाम तक तीनों पार्टियां अपने गठबंधन का ऐलान कर सकती हैं। इसके साथ आगामी रणनीति से पर पर्दा हटने की उम्मीद है।
तीनों दलों की सामूहिक मीटिंग से पहले शिवसेना ने अपने विधायकों की बैठक बुलाई। इस बैठक में उद्धव ठाकरे ने सबसे पहले जो बात की वो ये कि बीजेपी से उन्होंने अपना गठबंधन क्यों तोड़ा।
इन कारणों के चलते छोड़ी पार्टी
बैठक में उद्धव ठाकरे ने कहा, आपको समझना होगा कि हमने अपने पुराने दोस्त के साथ 25 साल पुराना साथ क्यों छोड़ा, वो हमसे झूठ बोल रहे थे। आप सभी ने देखा है कि उन्होंने पिछले सालों में क्या कहा है और क्या किया है।
उद्धव ठाकरे ने कहा, अब हम एक नए गठबंधन के साथ जा रहे हैं, और बस चंद कदमों की दूरी बची है। सरकार बनाने के अंतिम दौर में हैं। मुमकिन है शाम तक सब फाइनल हो जाए।
सीएम पर तस्वीर साफ नहीं
विधायकों की ओर से लगातार मांग की जा रही है कि उद्धव ठाकरे को ही मुख्यमंत्री पद संभालना चाहिए। जिसपर उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि वह सही समय पर फैसला लेंगे।