राजनीति

‘वो टॉयलेट में हैं, थोड़ा वक्त दीजिए’: हिरासत से पहले उदयनिधि स्टालिन की पत्नी और पुलिस अधिकारी की बातचीत का वीडियो वायरल

Udhayanidhi Stalin Trisha comment controversy: अभिनेत्री तृषा कृष्णन के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी मामले में हिरासत से पहले उदयनिधि स्टालिन के घर का वीडियो सामने आया है। जिसमें उनकी पत्नी किरुथिगा एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से समय मांग रहीं हैं।
2 min read
Aug 04, 2026
Udhayanidhi Stalin Trisha comment controversy
हिरासत से पहले उदयनिधि की पत्नी और पुलिस अधिकारी के बीच बहस (Photo: x/IANS)

Udhayanidhi Stalin custody video: तमिलनाडु के नेता प्रतिपक्ष व पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार सुबह विवादित 'तृषा' टिप्पणी मामले में हिरासत में लेने पहुंची पुलिस और उनके परिवार के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उदयनिधि स्टालिन की पत्नी किरुथिगा उदयनिधि (Kiruthiga Udhayanidhi) पुलिस अधिकारी से कहती सुनाई देती हैं, "वह बाथरूम में हैं, कृपया थोड़ा समय दीजिए।" यह घटनाक्रम उस समय का बताया जा रहा है, जब पुलिस चेन्नई स्थित डीएमके (DMK) नेता के आवास पर उन्हें हिरासत में लेने पहुंची थी।

घर के अंदर क्या हुआ?

वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारी उदयनिधि स्टालिन से मिलने का इंतजार करते दिखाई देते हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी कहता है कि पुलिस काफी देर से इंतजार कर रही है और केवल अपना कर्तव्य निभा रही हैं। इस पर फिल्म निर्माता और लेखिका किरुथिगा उदयनिधि पुलिस से अनुरोध करते हुए कहती हैं, "वह अभी बाथरूम में हैं। कृपया थोड़ा समय दीजिए।"

पूर्व मंत्री सुब्रमण्यम ने भी की इंतजार की अपील

सामने आए वीडियो में घटनास्थल पर तमिलनाडु के पूर्व मंत्री मा. सुब्रमण्यम भी मौजूद हैं और वह भी पुलिस अधिकारियों से कुछ मिनट और इंतजार करने का आग्रह कर रहे है। उन्होंने कहा कि यदि उदयनिधि स्टालिन को अभी हिरासत में लिया जाता है तो लोगों के गुस्से का सामना तब भी करना पड़ेगा। कुछ और समय दे दीजिये। उन्होंने यह भी कहा कि समय बढ़ने के साथ समर्थकों की भीड़ जमा हो सकती है।

इसके जवाब में पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे अनिश्चित समय तक इंतजार नहीं कर सकते और केवल कानून के अनुसार अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। अधिकारी ने कहा, "अगर आप बता दें कि हम कानून का उल्लंघन कर रहे हैं, तो मैं आपकी बात मान लूंगा। लेकिन ऐसा नहीं है, इसलिए हमें अपना काम करने दीजिए।"

हम कानून का उल्लंघन नहीं कर रहे- अधिकारी

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम ने पुलिस से कहा कि उदयनिधि स्टालिन को पूछताछ के लिए तंजावुर ले जाया जाना है, जहां पहुंचने में करीब आठ घंटे लगते हैं। ऐसे में उन्हें सुबह की दिनचर्या पूरी करने के लिए कुछ समय दिया जाना चाहिए। हालांकि अधिकारी ने दोहराया कि पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई कर रही है।

अभिनेत्री तृषा पर विवादित बयान देने का है मामला

3 अगस्त को तमिलनाडु के तंजावुर में कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर डीएमके की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने भाषण दिया था। आरोप है कि भाषण के दौरान जब भीड़ ने अभिनेत्री तृषा कृष्णन का नाम लेना शुरू किया तो उदयनिधि ने उस पर डबल मीनिंग वाली आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया और उनके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज कराई गईं।

हाई कोर्ट ने दिया रिहा करने का आदेश

तमिलनाडु पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। हालांकि जब यह मामला मद्रास हाई कोर्ट में पहुंचा तो अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया की पूछताछ पूरी होने के बाद उदयनिधि स्टालिन को रिहा कर दिया जाये।

Updated on:
04 Aug 2026 05:14 pm
Published on:
04 Aug 2026 05:06 pm