भोपाल

गुटखा, पान मसाला और तंबाकू खाने में UP सबसे आगे, MP तीसरे स्थान पर

जेपी हॉस्पिटल में गुटखा खाते पांच को पकड़ा, लगाया जुर्माना

2 min read
Oct 13, 2022
pan masala and tobacco

भोपाल। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जेपी अस्पताल में पांच लोगों को तंबाकू खाते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई नोडल अधिकारी डॉ. नीलिमा सोनी के नेतृत्व में तंबाकू नियंत्रण निगरानी दल की जिला स्तरीय टीम द्वारा की गई। इस दौरान नगर निगम और पुलिस की टीम भी मौजूद थी। सभी 5 लोगों पर तम्बाकू उत्पाद एक्ट,2003, (कोटपा) के तहत कार्रवाई करते हुए 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। ये जुर्माना भारत सरकार को जाता है। टीम के उप मीडिया अधिकारी प्रवीण मालवी ने बताया कि अभियान तंबाकू नियंत्रण निगरानी दल द्वारा चलाया जा रहा है।

इसी के तहत बीड़ी, सिगरेट और गुटखा खाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। टीम की ओर से अस्पताल का अचानक निरीक्षण करने पर वहां गंदगी व गुटखा के निशान नजर आए। साथ ही ओपीडी, पार्किंग स्थल और अस्पताल परिसर के गेट पर भी 5 लोग गुटखा खाते पाए गए। इस अभियान में आने वाले समय में गुटखा, तम्बाकू और सिगरेट बेचने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने गुटखा खाकर अस्पताल परिसर को गन्दा करने और वार्डों की दीवारों पर थूकने वालों से समझाइश भी की। साथ ही अस्पताल में मौजूद लोगों को तंबाकू के सेवन से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया।

पूरे जिले में चलेगा अभियान

तंबाकू के प्रति जागरूकता अभियान को पूरे भोपाल जिले में सभी सार्वजनिक स्थलों में चलाया जाएगा और ऐसे नशे का सेवन करने वाले लोगों कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही स्कूल और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।

28 फीसदी पुरुष गुटखा-खैनी खाते हैं

नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है कि गुटखा, पान मसाला और तंबाकू खाने में यूपी सबसे आगे है। दूसरे नंबर पर बिहार और तीसरे पर मध्य प्रदेश है। सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक 28 फीसदी पुरुष गुटखा-खैनी खा रहे हैं। यानी 3.40 करोड़ पुरुष इसके लती हैं। गुटखा खाने वाली महिलाओं की संख्या शहरों में तीन फीसदी तो ग्रामीण इलाकों में चार फीसदी है। इस हिसाब से 35 लाख महिलाएं भी शामिल हैं। इस सर्वे में 15 से 49 वर्ष के लोगों को शामिल किया गया है। साफ है कि गुटखा खाने वाले लोगों की वास्तविक संख्या इससे कहीं ज्यादा है। शहरों में जहां 44 फीसदी पुरुष और तीन फीसदी महिलाएं गुटखा-खैनी खा रही हैं, वहीं ग्रामीण इलाकों में इनकी संख्या 47 फीसदी और चार फीसदी है।

Published on:
13 Oct 2022 05:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर