
नई दिल्ली। गुरुवार को लोकसभा में कांग्रेस ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने वाले बयान का जमकर विरोध किया। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को न केवल सदन में धेरा बल्कि लोकसभा में हंगामा मचा दिया। कांग्रेस सांसद साध्वी के बयान से इतना नाराज हो गए कि विरोध जताते हुए लोकसभा का बहिष्कार तक कर दिया।
बता दें कि बुधवार को भोपाल से बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने लोकसभा में नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था। यह बयान लोकसभा में एक डिबेट के दौरान प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बयान दिया था।
दरअसल, लोकसभा में एसपीजी संशोधन बिल पर डीएमके सांसद ए राजा अपनी राय रख रहे थे। इस दौरान ए राजा ने गोडसे के एक बयान का जिक्र किया जिसमें गोडसे ने कहा कि था कि उसने महात्मा गांधी को क्यों मारा था।
सदन में ए राजा बोल ही रहे थे उसी समय प्रज्ञा ठाकुर ने बीच में दखल देते हुए कहा कि आप एक देशभक्त का उदाहरण नहीं दे सकते हैं। उनके इस बयान के बाद लोकसभा में हंगामा मच गया। हालांकि प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान को लोकसभा के रिकॉर्ड से हटा दिया गया है।
इस बीच बीजेपी प्रवक्ता जीवीएल जीवीएल नरसिम्हा राव ने मीडिया को बताया कि प्रज्ञा ठाकुर पर पार्टी कार्रवाई कर सकती है। बयान पर विवाद बढ़ने के बाद जब प्रज्ञा सिंह ठाकुर से पत्रकारों ने सवाल किया तो उन्होंने कहा कि मैं कल जवाब दूंगी। हालांकि उन्होंने बाद में सफाई देते हुए कहा कि वे क्रांतिकारी उधम सिंह के बारे में बात कर रही थीं।
बता दें कि ये कोई पहली बार नहीं है कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया हो। लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि नाथूराम गोडसे एक देशभक्त थे, हैं और हमेशा रहेंगे।