राजनीति

पश्चिम बंगाल: सांसद पर हमले के विरोध में बैरकपुर बंद, भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

पश्चिम बंगाल में बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह की कार तोड़ने का मामला भाजपा ने बैरकपुर में 12 घंटों का बंद बुलाया उत्तर 24 परगना में 25 भाजपा कार्यकर्ता घायल
2 min read
• •
Updated: 2 Sep 2019, 1:34 PM IST
bjp
पश्चिम बंगाल: सांसद अर्जुन सिंह पर हमले के विरोध में आज बैरकपुर बंद, 13 भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी और टीएमसी के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा घटनाक्रम सांसद अर्जुन सिंह पर जानलेवा हमले का है। भाजपा ने इसके विरोध में आज राज्य के बैरकपुर जिले में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद का ऐलान किया है।

बंद के दौरान भाजपा और टीएमसी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए हैं। इसमें 25 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया है।

पुलिस कार्रवाई का विरोध

पुलिस ने उत्तर 24 परगना में 13 भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। भाजपा ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया है।

वहीं राज्यपाल जगदीप धनकर ने घायल सांसद अर्जुन सिंह से अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। बता दें कि रविवार को अर्जुन सिंह पर जानलेवा हमला बोला गया था।

ममता सरकार पर भाजपा का हमला

वहीं रविवार को इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला। नड्डा ने कहा, "उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा कार्यालय पर कब्जा करने का प्रयास और भाजपा सांसद अर्जुन सिंह और विधायक पवन सिंह के साथ हुई हिंसा अत्यंत निंदनीय है। ऐसे अवैध तरीकों का सहारा लेकर, टीएमसी पश्चिम बंगाल में फिर से लोकतंत्र के समय की हत्या कर रही है।

गौरतलब है कि रविवार को उत्तर 24 परगना जिले के काकीनाडा इलाके में भाजपा सांसद अर्जुन सिंह की गाड़ी पर कुछ लोगों और पुलिस ने कथितरूप से लाठीचार्ज कर दिया। जिसमें सांसद के सिर में गंभीर चोटें आई। अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि बैरकपुर के पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने उन्हें मारा, जिससे उनके सिर पर चोट लग गई। सिंह को बाद में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पत्रकार समेत कई लोग घायल

इस दौरान किसी ने पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा को निशाना बनाते हुए देसी बम भी फेंका, जो उनके पास से गुजरा। इसके बाद वर्मा ने हवा में फायर भी किया। जबकि उनके दो जूनियर घायल भी हो गए। बता दें कि रविवार को हुई हिंसा में कुछ पत्रकारों समेत करीब 50 लोग घायल हो गए। इसके बाद इलाके में भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।

Updated on:
2 Sep 2019, 1:34 PM IST
Published on: