
नई दिल्ली। कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार पर सीबीआई के शिकंजे को लेकर उपजे विवाद पर एकबार फिर सीएम ममता बनर्जी का बयान आया है। रविवार रात से धरने पर बैठी ममता ने कहा कि है कि वे जान दे देंगी, लेकिन किसी तरह का समझौता नहीं करेंगी।
8 फरवरी तक जारी रहेगा धरना
सोमवार को धरना स्थल से ही ममता ने केंद्र पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये धरना 8 फरवरी तक जारी रहेगा, उसके बाद भी धरना जारी रहेगा लेकिन माइक का इस्तेमाल नहीं होगा। क्योंकि 8 फरवरी से पश्चिम बंगाल में बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं।
ममता ने बताया कि आखिर गुस्सा क्यों आया
रविवार रात हुए सियासी घमासान को लेकर बनर्जी ने केंद्र की ओर इशारा करते हुए कहा कि जब आपने टीएमसी कार्यकर्ताओं को छुआ तो हमने कुछ नहीं कहा। लेकिन पानी सिर से ऊपर निकल गया। आपने जब कोलकाता पुलिस कमिश्नर की कुर्सी का अपमान किया, तब मुझे गुस्सा आया। जिसके बाद मैंने ये फैसला लिया।
कोर्ट ने ठुकराई तुरंत सुनवाई की मांग
वहीं दूसरी ओर सर्वोच्च न्यायालय कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार के खिलाफ सीबीआई की याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करेगी। कुमार शारदा चिटफंड घोटाले से संबंधित सबूतों को नष्ट करने के कथित आरोपी हैं। चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पीठ ने सोमवार को मामले की तत्काल सुनवाई के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की अपली को ठुकरा दिया।