
नई दिल्ली। हाल ही में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली भाजपा नेताओं के साथ एक बैठक की। इस बैठक में उन्होंने पार्टी नेताओं से दिल्ली के दलितों से जुड़ने को कहा है। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रियता के साथ दलितों से संवाद छेड़ने का सुझाव दिया है। उनकी इस रणनीति का खुलासा होने के बाद से इस बात की चर्चा होने लगी है कि अचानक ऐसा क्या हो गया कि पार्टी अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं के साथ बैठककर दलितों से जुड़ने की बात पर सबसे ज्यादा जोर दिया है।
शाह ने क्या कहा?
अमित शाह ने जिस बैठक में पार्टी नेताओं को इस बात की नसीहत दी उसमें दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल, भाजपा महासचिव अरुण सिंह, मंत्री डॉ. हर्षवर्धन के अलावा कई और नेता शामिल थे। बैठक में उन्होंने 2019 चुनाव के रणनीतियों पर चर्चा की। इसी क्रम में उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि दिल्ली में दलित समुदाय को पार्टी से जोड़ने के लिए दलित संपर्क अभियान चलाया जाए। पार्टी नेता दलितों के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरीके से संपर्क करें। उन्हें मोदी सरकार की योजनाओं की जानकारी दें। इस काम में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, ट्वीटर, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब का भरपुर इस्तेमाल करें। शाह ने भाजपा को निर्देश दिया है कि दिल्ली में दलित संपर्क अभियान चलाया जाए। इस मुहिम के तहत दलित, ओबीसी और झुग्गी झोपड़ी के लोगों पर फोकस करने को कहा है। दिल्ली की बड़ी कॉलोनियों को चिन्हित कर पार्टी के पदाधिकारियों से उन क्षेत्रों में ज्यादा काम करने को कहा। जिन कॉलोनियों में विगत चुनाव में दलितों ने पार्टी को कम संख्या में वोट किया वहां के लोगों से प्रत्यक्ष संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। पार्टी की मुस्लिम मोर्चा से मुस्लिमों को मोदी सरकार की योजना के जरिए लोगों से जुड़ने को कहा है। ताकि बड़ी संख्या में मुस्लिम भी भाजपा से जुड़ें और पार्टी के पक्ष में वोट करें।
ऐसा क्यों कहा?
आपको बता दें कि 2019 के शुरुआती महीनों में लोकसभा चुनाव होने हैं। चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने महागठबंधन को लेकर मुहिम छेड़ दी है। कांग्रेस मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी एका पर सबसे ज्यादा जोर दे रही है। इसके आलवा ममता बनर्जी पीएम मोदी के खिलाफ थर्ड फ्रंट को खड़ा करने में जुटी हैं। कांग्रेस ने सीएम कुमारस्वामी के शपथग्रहण समारोह के दौरान विपक्षी एकता को लेकर शक्ति प्रदर्शन भी किया। इस मंच पर विपक्षी नेताओं का महाकुंभ लगा था। उसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस के पास परदे के पीछे से प्रस्ताव भेजा था। इसी तरह कांग्रेस हर राज्य के क्षत्रपों से संपर्क में है। ताकि विपक्षी एकता को लेकर महागठबंधन को तैयार कर भाजपा को चुनावी मात देना संभव हो सके। कांग्रेस और टीएमसी की सक्रियता ने बहुत हद तक भाजपा के शीर्ष नेताओं को चिंता में डाल दिया है। यही कारण है कि जिन राज्यों में जिस किसी भी क्षेत्र में पार्टी की स्थिति कमजोर है अमित शाह वहां पर पार्टी नेताओं को अभी से चुनावी मोड में आने और जीत सुनिश्चित करने के लिए दलितों, अल्पसंख्यकों व अन्य समुदायों के लोगों से पार्टी नेताओं को समर्थन हासिल करने को कह रहे हैं ।