प्रतापगढ़

CM भजनलाल के प्रतापगढ़ दौरे के बीच पुलिस का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक रामलाल मीणा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में

पुलिस ने शनिवार को पूर्व विधायक रामलाल मीणा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों को छोटीसादड़ी थाने ले जाया गया।
2 min read
Former MLA Ramlal Meena
पूर्व विधायक रामलाल मीणा समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में। फोटो: पत्रिका

प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रतापगढ़ दौरे के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। पुलिस ने शनिवार को पूर्व विधायक रामलाल मीणा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों को छोटीसादड़ी थाने ले जाया गया। बता दें कि विद्या संबल भर्ती में टीएसपी क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर रामलाल मीणा के नेतृत्व में आंदोलन किया जा रहा था। उनका कहना था कि टीएसपी क्षेत्र में भर्ती के नियमों में संशोधन कर स्थानीय युवाओं के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता टीएसपी क्षेत्र में विद्या संबल भर्ती के नियमों में बदलाव और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग उठा रहे हैं।

रामलाल मीणा ने देर रात ऐलान किया था कि वे खेतों में पैदल दौड़ते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तक पहुंचेंगे और उनके सामने स्थानीय युवाओं की मांग रखेंगे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस रामलाल मीणा को छोटीसादड़ी थाने लेकर जा रही है। उनके साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष दिग्विजय सिंह और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। मुख्यमंत्री के दौरे से के बीच इस कार्रवाई से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।

पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने दी थी CM दौरे से पहले चेतावनी

बता दें कि पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 26 सितंबर के प्रस्तावित प्रतापगढ़ दौरे से पहले वीडियो जारी कर विद्या संबल भर्ती में संशोधन की मांग की थी। साथ ही ही स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की बात कही थी। इस दौरान रामलाल मीणा ने चेतावनी देते हुए कहा था कि भर्ती में संशोधन नहीं हुआ तो वे हेलिपैड पहुंचकर विरोध करेंगे। मीणा ने उदयपुर संभाग के युवाओं के रोजगार को लेकर अभ्यर्थियों से प्रतापगढ़ पहुंचने की अपील थी। यह बयान सामने आने के बाद पुलिस ने रामलाल के साथ कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

प्रतापगढ़ दौरे पर सीएम भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज प्रतापगढ़ दौरे पर है। जिसके चलते जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह 11 बजे जयपुर एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए रवाना हुए और सुबह 11.50 बजे उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से प्रतापगढ़ के लिए रवाना होकर करीब 12.30 बजे प्रतापगढ़ हेलीपैड पहुंचे।

दोपहर 12.35 बजे कार से हेलीपैड से रवाना होकर 12.40 बजे दीपेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना के बाद दोपहर एक बजे दशहरा मैदान पहुंचे। जहां सीएम भजनलाल ने विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण के साथ जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद सीएम भजनलाल ने राजकीय महाविद्यालय ऑडिटोरियम में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।

Updated on:
26 Sept 2026 02:39 pm
Published on:
26 Sept 2026 02:32 pm