प्रतापगढ़

Pratapgarh : प्रतापगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस की ज्योति सोनी विजयी, बाकी 3 नगर पालिका में भाजपा का परचम लहराया

Pratapgarh : प्रतापगढ़ जिले की चारों नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव का सोमवार को फैसला हो गया। प्रतापगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस की ज्योति सोनी ने 21 वोट हासिल कर सभापति पद पर जीत दर्ज की और कांग्रेस का बोर्ड बनाया।
3 min read
pratapgarh nagar parishad congress Jyoti Soni wins remaining 3 bjp victory
pratapgarh nagar parishad : फाइल फोटो पत्रिका

Pratapgarh : प्रतापगढ़ जिले की चारों नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव का सोमवार को फैसला हो गया। प्रतापगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस की ज्योति सोनी ने 21 वोट हासिल कर सभापति पद पर जीत दर्ज की और कांग्रेस का बोर्ड बनाया। भाजपा की मनीषा जैन को 18 वोट मिले, जबकि एक वोट खारिज रहा। वहीं छोटीसादड़ी में भाजपा के प्रदीप व्यास अध्यक्ष निर्वाचित हुए। अरनोद में भाजपा के राहुल मीणा ने 15 वोट हासिल कर नवगठित नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया। धरियावद में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को 10-10 वोट मिलने के बाद लॉटरी से फैसला हुआ, जिसमें भाजपा की रेखा चौधरी अध्यक्ष निर्वाचित हुईं।

प्रतापगढ़ नगर परिषद - ज्योति सोनी को मिले 21 वोट

प्रतापगढ़ नगर परिषद में सभापति पद के लिए कांग्रेस की ज्योति सोनी और भाजपा की मनीषा जैन के बीच मुकाबला हुआ। 40 सदस्यीय परिषद में बहुमत के लिए 21 वोट जरूरी थे। मतदान और मतगणना के बाद ज्योति सोनी को 21 वोट मिले, जबकि मनीषा जैन के खाते में 18 वोट आए। एक वोट खारिज हुआ। बहुमत का आंकड़ा हासिल करते ही ज्योति सोनी सभापति निर्वाचित हो गईं और नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बन गया। परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। गांधी चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक रामलाल मीणा, जिला अध्यक्ष दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद शहर में विजय जुलूस भी निकाला गया। ज्योति सोनी ने जीत के बाद जनता का आभार जताया।

छोटीसादड़ी नगर पालिका : भाजपा के प्रदीप व्यास निर्वाचित

वही छोटीसादड़ी में अध्यक्ष पद का चुनाव अलग परिस्थितियों में हुआ। मतदान प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने आपत्ति जताई और ओपन वोटिंग का आरोप लगाया। चुनाव से पहले यहां भाजपा के 13 और कांग्रेस के 12 पार्षद निर्वाचित हुए थे। मतदान में भाजपा के 13 पार्षदों ने हिस्सा लिया और भाजपा के प्रदीप व्यास को 13 वोट मिले। इसके साथ ही प्रदीप व्यास अध्यक्ष 1 वोट से जीतकर निर्वाचित हुए और छोटीसादड़ी नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बना।

चुनाव के दौरान नगर पालिका परिसर और गांधी चौराहे के आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कांग्रेस पार्षदों के बहिष्कार के बाद कुछ समय के लिए चुनावी माहौल गरमा गया। हालांकि भाजपा प्रत्याशी प्रदीप व्यास के निर्वाचन के साथ अध्यक्ष पद का फैसला हो गया।

अरनोद नगर पालिका - भाजपा के राहुल मीणा निर्वाचित

अरनोद नगर पालिका के लिए यह चुनाव ऐतिहासिक रहा। नवगठित नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष के रूप में भाजपा के राहुल मीणा निर्वाचित हुए। अध्यक्ष पद के लिए सभी 20 पार्षदों ने मतदान किया। मतगणना में राहुल मीणा को 15 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 5 वोट प्राप्त हुए। इस तरह राहुल मीणा ने 10 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। अरनोद में चुनाव परिणाम से पहले भाजपा के 14, कांग्रेस के 4 और 2 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। भाजपा के राहुल मीणा की जीत के साथ ही उनका नाम अरनोद नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष के तौर पर दर्ज हो गया। परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।

धरियावद नगर पालिका - लॉटरी से हुआ फैसला, भाजपा की रेखा चौधरी विजयी

धरियावद में अध्यक्ष पद का फैसला सबसे अलग तरीके से हुआ। यहां भाजपा और कांग्रेस के पास 10-10 पार्षद थे। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की रेखा चौधरी और कांग्रेस के हरिराम चौधरी आमने-सामने रहे। मतदान के बाद दोनों प्रत्याशियों को 10-10 वोट मिले। बराबरी की स्थिति बनने पर नियम के तहत लॉटरी के जरिए अध्यक्ष पद का फैसला किया गया। लॉटरी में भाजपा की रेखा चौधरी विजयी रहीं और उन्हें धरियावद नगर पालिका का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

इस तरह जिले की चारों नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के चुनाव में अलग-अलग तस्वीर सामने आई। प्रतापगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस की ज्योति सोनी के नेतृत्व में बोर्ड बना, जबकि छोटीसादड़ी में प्रदीप व्यास, अरनोद में राहुल मीणा और धरियावद में रेखा चौधरी के निर्वाचन के साथ तीनों नगर पालिकाओं में भाजपा का बोर्ड बना। अध्यक्ष पद के चुनाव पूरे होने के बाद अब चारों नगरीय निकायों में नए बोर्ड के सामने स्थानीय विकास, आगामी योजनाओं और नगर निकाय के कामकाज को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।