
Rajasthan : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा। फाइल फोटो पत्रिका
Rajasthan : नागौर के कुचेरा नगर पालिका चेयरमैन चुनाव से एक दिन पहले राजस्थान हाईकोर्ट ने तेजपाल मिर्धा को अंतरिम राहत देते हुए अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी। इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि साजिशें चाहे कितनी भी हों, सच का रास्ता नहीं रोक सकतीं। कुचेरा में कांग्रेस के चेयरमैन प्रत्याशी तेजपाल मिर्धा जी को हाईकोर्ट से मिली राहत ने न्याय पर भरोसा मजबूत किया है।
राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर न्यायाधीश कुलदीप माथुर की विशेष बेंच ने एसीबी की ओर से दर्ज एफआईआर के मामले में आज छुट्टी के बावजूद विशेष सुनवाई करते हुए कुचेरा नगर पालिका पूर्व चेयरमैन और वर्तमान पार्षद तेजपाल मिर्धा को अंतरिम राहत प्रदान की। अगली सुनवाई तक तेजपाल मिर्धा की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
वकील रामावतार चौधरी और सहयोगी वकील सुमेर सिंह गौर ने हाईकोर्ट में तेजपाल मिर्धा का पक्ष रखा। सुनवाई के बाद कोर्ट ने दोपहर करीब 2 बजे आदेश जारी करते हुए एसीबी जयपुर के अधिकारियों को अगली सुनवाई तक तेजपाल मिर्धा को गिरफ्तार नहीं करने के निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी। कोर्ट ने मिर्धा को याचिका में आवश्यक संशोधन करने की स्वतंत्रता भी दी है, जबकि राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया गया है।
याचिकाकर्ता तेजपाल मिर्धा ने याचिका में कहा था कि वे 14 सितंबर को वार्ड 21 से निर्वाचित हुए और 16 सितंबर को कुचेरा पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। याचिका के अनुसार 18 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि थी और इसी दिन रात 11.58 बजे उनके खिलाफ एसीबी ने एफआइआर दर्ज की। याचिकाकर्ता ने आशंका जताई कि गिरफ्तारी होने पर वे अध्यक्ष के चुनाव में मतदान नहीं कर सकेंगे।
मिर्धा की ओर से कहा गया कि वे 2015 से 2018 तक कुचेरा नगर पालिका के अध्यक्ष रहे थे। वार्ड 3 के सदस्य शैतानराम टाक ने 4 मई, 2018 को एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें तत्कालीन अध्यक्ष पर अधिकारियों और कर्मचारियों से मिलीभगत कर कार्यादेश जारी करने तथा वित्तीय, तकनीकी और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। कोर्ट ने पाया कि 2018 की शिकायत पर करीब आठ साल तक जांच लंबित रहने और मिर्धा के वार्ड सदस्य निर्वाचित होने तथा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद 18 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17-ए के तहत मंजूरी दिए जाने का फिलहाल संतोषजनक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
राज्य की ओर से महाधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद ने गिरफ्तारी पर रोक का विरोध किया। उन्होंने कहा कि एफआइआर में संज्ञेय अपराध सामने आते हैं और मिर्धा ने एफआइआर रद्द करने की मांग नहीं की है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उनके पास सक्षम आपराधिक अदालत से अग्रिम जमानत लेने का उपाय उपलब्ध है।
महाधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि एफआइआर अचानक दर्ज नहीं हुई। 2015 से 2018 के कार्यकाल से जुड़ी अनियमितताओं की विभिन्न स्तरों पर जांच चल रही थी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसीबी के पुलिस महानिरीक्षक ने 24 अगस्त को स्वायत्त शासन विभाग के सचिव से धारा 17-ए के तहत मंजूरी मांगी थी। सचिव ने 18 सितंबर को मंजूरी दी।
कोर्ट ने कहा कि एफआइआर के चुनाव प्रक्रिया के इस चरण में दर्ज होने से चुनाव में कोई गैरकानूनी हस्तक्षेप हुआ या यह वैधानिक शक्तियों का सामान्य इस्तेमाल था, इस पर विस्तृत जवाब मिलने के बाद विचार किया जाएगा। कोर्ट ने इस स्तर पर कोई अंतिम राय व्यक्त नहीं की और याचिकाकर्ता को याचिका में आवश्यक संशोधन करने की स्वतंत्रता देते हुए राज्य को जवाब दाखिल करने का समय दिया।
वहीं दूसरी तरफ कुचेरा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को होने वाले चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मूंडवा वृताधिकारी धरम पूनियां के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। पुलिस प्रशासन की ओर से मतदान केंद्र के आसपास करीब 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। शहर के पांच प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। इस दौरान अनावश्यक आवागमन पर पुलिस की नजर रहेगी।
थानाधिकारी हबीब खां ने लोगों से चुनाव संबंधी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी मतदान एवं मतगणना के दौरान आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
Updated on:
20 Sept 2026 06:26 pm
Published on:
20 Sept 2026 05:54 pm
