18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गिरफ्तार; डेगाना में देर रात सियासी हंगामा

नगर पालिकाध्यक्ष पद के नामांकन में कथित तौर पर तथ्य छुपाने के आरोप को लेकर गुरुवार देर रात डेगाना में सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस दबाव में कार्रवाई कर रहे हैं तथा रात में कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजी गईं।
3 min read
Google source verification
Congress Protest

एसडीएम कार्यालय के बाहर देर रात धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करती पुलिस।

नागौर। नगर पालिकाध्यक्ष पद के नामांकन में कथित तौर पर तथ्य छुपाने के आरोप को लेकर गुरुवार देर रात डेगाना में सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नामांकन प्रकरण की जांच व रिटर्निंग अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और नारेबाजी शुरू हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी अशोक कुमार झाझड़िया के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा।

पुलिस ने आचार संहिता लागू होने का हवाला देते हुए धरना-प्रदर्शन समाप्त करने की समझाइश की, लेकिन कार्यकर्ता मांगों को लेकर डटे रहे। वे नामांकन पत्र की जांच और कथित रूप से छुपाए गए तथ्यों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग करते रहे। समझाइश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया और लाठियां भांजकर युवकों को तितर-बितर किया। कुछ युवकों को पुलिस ने दौड़ाकर भी खदेड़ा। कार्रवाई के दौरान एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

कुंकुणा की गिरफ्तारी पर जताया विरोध

हंगामे के बीच पुलिस ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कुंकुणा को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस दबाव में कार्रवाई कर रहे हैं तथा रात में कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजी गईं। कांग्रेसियों ने घटनाक्रम की जानकारी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को दी। नागौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हनुमान बांगड़ा भी मौके पर पहुंचे। कांग्रेस ने नामांकन प्रकरण की जांच की मांग दोहराई है।

डोटासरा ने की लाठीचार्ज की निंदा

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में बोर्ड बनाने के लिए भाजपा पूरी तरह बौखला गई है। लोकतंत्र को कुचलने के लिए सत्ता का खुला दुरुपयोग हो रहा है। डेगाना में भाजपा प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र में तथ्य छिपाने के खिलाफ कांग्रेस की आपत्तियों पर निष्पक्ष सुनवाई की मांग को लेकर जारी धरने पर लाठीचार्ज निंदनीय है। वहीं, मांढ़ण में निर्वाचित पार्षदों को शपथ लेने से रोका जा रहा है, लोकतंत्र को तार-तार किया जा रहा है। उधर, खंडार में भाजपा पार्षद मानवेंद्र को भाजपा द्वारा जबरन ले जाने के खिलाफ उनका परिवार दो दिन से उनकी रिहाई की गुहार लगा रहा है। एक के बाद एक ये घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था में पुलिस-प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। भाजपा को जनादेश स्वीकार कर लोकतंत्र से खिलवाड़ बंद करना चाहिए।

कांग्रेसी पार्षदों पर हमले का प्रयास, सुरक्षा में पहुंचे नागौर

इधर, कुचेरा नगर पालिका में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही सियासी खींचतान अब नागौर जिला मुख्यालय पहुंच गई। गुरुवार को शपथ ग्रहण के बाद निवर्तमान चेयरमैन तेजपाल मिर्धा के नेतृत्व में नागौर आ रहे कांग्रेस समर्थित पार्षदों के वाहनों को झुंझाला के पास कुछ लोगों ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पिकअप व कैपर वाहन लगाकर कारों को टक्कर मारने का प्रयास किया गया। पार्षद अपने वाहनों को भगाकर मूंडवा डीएसपी कार्यालय पहुंचे और घटना की जानकारी दी।

इसके बाद डीएसपी धरम पूनिया के नेतृत्व में पुलिस सुरक्षा में उन्हें नागौर लाया गया। इसके बाद बीकानेर रोड स्थित तेजपाल मिर्धा के वाहन शोरूम के बाहर डीएसपी जतिन जैन के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। कुचेरा पालिका में कांग्रेस के 12 और भाजपा के 8 पार्षद है। चार निर्दलीयों के समर्थन से भाजपा खेमे में 12 पार्षद हो गए है, जबकि बहुमत के लिए 13 पार्षद चाहिए। ऐसे में एक वोट निर्णायक हो गया है, जो वर्तमान में कांग्रेस के साथ है।