प्रतापगढ़

प्रतापगढ़: जीप ने बाइक को मारी टक्कर, मासूम बेटी और पिता की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Pratapgarh Road Accident: अरनोद थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार पिता और उसकी मासूम पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

less than 1 minute read
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

प्रतापगढ़। अरनोद थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार पिता और उसकी मासूम पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए।

थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि खेरोट निवासी मंसाराम पुत्र नागुलाल मीणा अपनी चार वर्ष की पुत्री दिव्या के साथ बाइक से परिवार के एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नरवाली गांव जा रहा था। इसी दौरान चूपना और नौगांव के बीच सामने से आ रही एक तेज रफ्तार जीप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्री दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अरनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। बताया जा रहा है कि जीप चालक आसपास के ही किसी गांव का रहने वाला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने जीप को जब्त कर ली है। वहीं जीप चालक की तलाश शुरू कर दी है।

यातायात नियमों का पालन करें

थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

Published on:
16 Mar 2026 05:52 pm