
फोटो पत्रिका नेटवर्क
धरियावद (प्रतापगढ़)। जिले में ब्याज माफिया के खिलाफ प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई की है। धरियावद उपखंड के केसरियावाद थाना क्षेत्र के भानावता गांव में दबिश देकर ब्याज माफिया भगवानलाल प्रजापत के घर से करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, वाहन और बड़ी मात्रा में कृषि यंत्र बरामद किए। आरोपी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ऊंचे ब्याज पर जाल में फंसाकर उनकी संपत्ति हड़प लेता था।
आरोपी के रिहायशी और निर्माणाधीन भवन, खेतों पर की गई सघन तलाशी में बरामद संपत्ति ने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया। भगवान लाल के यहां छापेमारी में 32 तोला सोना, 47 किलोग्राम 500 ग्राम चांदी के जेवर, 14 मोटरसाइकिलें, 01 स्कूटी, 04 लग्जरी कारें, 02 पिकअप और 01 थ्री-व्हीलर टेम्पो बरामद किए गए। इसके साथ ही 06 ट्रैक्टर, 04 थ्रेशर मशीनें, 03 सीड ड्रिल, फसल हकाई का मोरप्लो व कल्टी और एक पैसे गिनने की मशीन भी मिली।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि टीम को मौके से भारी मात्रा में वित्तीय दस्तावेज मिले हैं। इनमें 50, 100 और 500 रुपए के कुल 67 स्टांप पेपर, विभिन्न बैंकों के 16 खाली हस्ताक्षरित चेक, 03 भरे हुए चेक, 06 वाहनों की आरसी, 5 बिलबुक, 2 बहीखाता डायरी, 1 शपथ पत्र, 4 बैंक पासबुक, 7 डायरी, 4 एटीएम कार्ड और 1 इकरारनामा शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भगवानलाल और उसका पुत्र तुलसीराम प्रजापत ग्रामीण इलाके के गरीब लोगों की मजबूरी का फायदा उठाते थे। वे लोगों को मोटी ब्याज दरों पर पैसा उधार देते थे और बदले में उनके सोने-चांदी के गहने, गाड़ियां और कृषि यंत्र गिरवी रख लेते थे।
हद तो तब हो जाती थी जब वे गिरवी रखी गाड़ियों का कोई कागज नहीं देते और उन गाड़ियों को दूसरों को किराए पर चलाकर खुद पैसा वसूलते थे। यदि कोई समय पर पैसा नहीं चुका पाता, तो उसके खाली चेक पर मनमानी रकम भरकर कोर्ट में झूठा केस लगाने की धमकी देकर उसका मानसिक व आर्थिक शोषण करते थे।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और डीएसपी (धरियावद) नानालाल सालवी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु आरपीएस राहुल गोयल और केसरियावाद थानाधिकारी रमेशचंद्र मय जाप्ता ने भानावता कस्बे में आरोपी के ठिकानों को चारों तरफ से घेरकर यह सर्च ऑपरेशन चलाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब आगे जांच धरियावद थानाधिकारी हजारीलाल को सौंपी गई है।।
ब्याज माफियाओं के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अगर कोई भी व्यक्ति ग्रामीण या गरीब लोगों के वाहन, जेवरात या कृषि यंत्र जबरन गिरवी रखकर अवैध वसूली करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता बिना डरे पुलिस से संपर्क करे।
Updated on:
08 Jun 2026 07:18 pm
Published on:
08 Jun 2026 07:18 pm
