
फोटो पत्रिका
अजमेर। पुष्कर के निकट होकरा गांव के पास जयपुर-नागौर हाईवे बाईपास पर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। पुलिया पर दो ट्रेलर और पेट्रोल-डीजल से भरे एक टैंकर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों भारी वाहन सड़क के बीच पलट गए और उनके केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गए। तीनों भारी वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ट्रेलर में फंसे चालकों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अजमेर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय भिजवाया गया। घटना के बाद टैंकर से पेट्रोल-डीजल के रिसाव की आशंका के चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुष्कर पुलिस ने भीड़ को दूर किया और सुरक्षा के मद्देनजर करीब 500 मीटर का इलाका खाली करवाया।। जेसीबी की मदद से आपस में फंसे क्षतिग्रस्त वाहनों को अलग किया गया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने तीनों वाहन चालकों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से अजमेर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। यहां एक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि जोधपुर के बोरुंदा निवासी चालक अब्दुल जब्बार और हाथी सिंह का इलाज जारी है।
हादसे में घायल अब्दुल जब्बार ने बताया कि वह कली से भरे कट्टों का ट्रोला लेकर कोटा जा रहा था। इसी दौरान होकरा गांव के पास बाईपास पुलिया पर सामने से तेज रफ्तार और ओवरटेक कर रहे ट्रोले ने पहले पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर को टक्कर मारी और फिर उसके वाहन से जा भिड़ा। टक्कर के बाद टैंकर पलट गया और उससे पेट्रोल-डीजल सड़क पर बहने लगा।
वहीं टक्कर मारने वाला ट्रोला पुलिया पर लटक गया और उसका चालक केबिन में फंस गया। ग्रामीणों और पुलिस ने जेसीबी की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में तीनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
गौरतलब है कि पुष्कर में भारी वाहनों के दबाव को कम करने के लिए गायक विश्राम स्थल से बाड़ी घाटी तक बाईपास हाईवे बनाया गया था, लेकिन इस व्यस्त मार्ग पर डिवाइडर नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं। इसके अलावा पूरे बाईपास पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है, जिससे रात में आवागमन करना जोखिमभरा बना हुआ है।
Updated on:
08 Jun 2026 06:19 pm
Published on:
08 Jun 2026 06:19 pm
