
Kunda Murder Case:उत्तर प्रदेश के कुंडा में प्रेम विवाह से नाराजगी का एक मामला बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया। करीब एक महीने पहले गांव की युवती से शादी करने वाले 25 वर्षीय युवक की रास्ते में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवती के परिवार के लोगों ने युवक को बोलेरो से खींचकर बाहर निकाला और लाठी-डंडों से हमला किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक और युवती हाईकोर्ट के आदेश के बाद घर से दूर रह रहे थे। गुरुवार को दोनों एक पुराने मुकदमे में बयान देने के लिए कुंडा कोतवाली पहुंचे थे। आरोप है कि कोतवाली में उनके पहुंचने की जानकारी युवती के परिवार तक पहुंच गई। इसके बाद जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें घेर लिया गया।
मामला कुंडा कोतवाली क्षेत्र के महमदपुर बरई गांव का है। यहां की 20 वर्षीय अर्चना यादव का गांव के ही 25 वर्षीय शिवनाथ यादव उर्फ मुन्नू से प्रेम संबंध था। करीब दो महीने पहले दोनों घर से चले गए थे। बाद में दोनों ने शादी कर ली और साथ रहने लगे। इस रिश्ते से अर्चना के परिवार वाले कथित तौर पर नाराज थे। युवती के चाचा की ओर से शिवनाथ समेत कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा। कोर्ट के आदेश के बाद दोनों नवाबगंज थाना क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस इस मामले की विवेचना कर रही थी। मुकदमे को खत्म करने की प्रक्रिया के तहत विवेचक ने अर्चना और शिवनाथ को गुरुवार शाम कुंडा कोतवाली में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था। दोनों बयान देने के बाद बोलेरो से वापस लौट रहे थे। आरोप है कि हथिगवां थाना क्षेत्र के सुआनारी के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद शिवनाथ को गाड़ी से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की गई। हमले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवनाथ को सीएचसी कुंडा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। शुक्रवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद अर्चना ने अपने रिश्तेदारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में चाचा सत्येंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, सहाबपुर कुंडा निवासी प्रेम यादव और मानिकपुर तिवारीपुर निवासी राज यादव के नाम बताए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में दर्ज मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम किया जाएगा। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
इस घटना में सबसे अहम सवाल यह है कि कोतवाली में बयान देने की जानकारी युवती के परिजनों तक कैसे पहुंची। आरोप है कि इसी जानकारी के बाद रास्ते में युवक को घेरकर हमला किया गया। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की बात कह रही है।