Mahakumbh 2025: महाकुंभ में संगम की ताकत किस तरह लोगों का हृदय परिवर्तन कर रही है, इसकी बानगी शनिवार को अमेरिका सैन्य अफसर के नव संस्कार में दिखी। जो बाइडन प्रशासन की सैन्य अधिकारी हानाई सनातन धर्म से प्रभावित होकर महाकुंभ में पूरी तरह सनातनी बन गई हैं।
Mahakumbh 2025: क्रियायोग अभ्यास से प्रभावित होकर जो बाइडन प्रशासन की सैन्य अधिकारी हानाई आकचकच सनातन संस्कृति अपनाने भारत आई हैं। उन्होंने जोगिया वस्त्र धारण कर लिया है। जल्द ही उनका नया नामकरण होगा। अमेरिका के बोस्टन शहर की हानाई सेना के लेखा विभाग में अधिकारी रही हैं। पढ़ाई में तेज हानाई घूमने और लिखने की शौकीन रही हैं। महंगे शौक उनकी जीवन शैली का हिस्सा रहे हैं। मां फातिमा और पिता मुहम्मद ने उन्हें बड़े दुलार से पाला।
हानाई कहती हैं, मां की बदौलत ही वह सेना में उच्च पद पर पहुंच सकीं। रोड आईलैंड की जॉनसन एंड वेल्स यूनिवर्सिटी से एमबीए करके हानाई ने 2014 में सैन्य अफसर के रूप में कमान संभाली।
वह अमेरिकी वित्त मंत्रालय में टैक्स एडवाइजर भी रही हैं। हानाई पहली बार यूट्यूब के जरिये आध्यात्मिक गुरु स्वामी योगी सत्यम के क्रियायोग अभ्यास से जुड़ीं और तभी से उनका मन माया मोह से विरत होने लगा।
हानाई बताती हैं, 2018 में पहली बार भारत आई थीं। वह मांसाहार भी करती रही हैं, लेकिन अभ्यास से उनका जीवन पूरी तरह बदल गया। अमर उजाला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, महात्मा गांधी को अपना आदर्श मानने वाली हानाई सनातन धर्म से प्रभावित होकर महाकुंभ में पूरी तरह सनातनी बन गई हैं। वह कहती हैं कि मन करता है कि अब भारत में ही रह जाऊं उनका मानना है कि क्रियायोग अभ्यास के रूप में सनातन धर्म सबको मिलाता, जोड़ता और खुशहाल बनाता है।