प्रयागराज में दिव्यांग नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगा है। गुस्साई भीड़ ने आरोपी युवक को घर से पकड़कर पीटा और घसीटते हुए थाने पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रयागराज में दिव्यांग और मुखबधिर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक को उसके घर से पकड़कर पीटा और घसीटते हुए थाने ले गए। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
यह मामला प्रयागराज के औद्योगिक क्षेत्र थाना इलाके का है। आरोप है कि मोहल्ले में रहने वाले 25 वर्षीय मनीष जायसवाल ने पास में रहने वाली दिव्यांग नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। लड़की न सुन सकती है। और न बोल सकती है। वह कमर के नीचे से दिव्यांग भी है। उसका परिवार सब्जी बेचकर घर चलाता है।
परिजनों के मुताबिक, घटना रात करीब 9:30 बजे की है। लड़की घर के बाहर निकली थी। उसी समय आरोपी ने इशारे से उसे अपने पास बुलाया और पास के एक गेस्ट हाउस के पीछे ले गया। वहां उसने उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। इसी दौरान लड़की घर नहीं लौटी तो परिवार वालों को चिंता हुई। और वे उसकी तलाश में निकल पड़े।
खोज करते हुए परिजन गेस्ट हाउस के पास पहुंचे। जहां उन्हें लड़की रोती हुई मिली। आरोपी उन्हें देखते ही मौके से भाग गया। परिवार लड़की को घर ले आया। रात में ठंड और कोहरा होने की वजह से लड़की की हालत ठीक नहीं थी। इसलिए तत्काल थाने नहीं जाया जा सका।
अगली सुबह मोहल्ले के लोगों को पता चला कि आरोपी अपने घर में छिपा बैठा है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंचे। भीड़ ने आरोपी को बाहर खींच लिया। और मारपीट करते हुए करीब डेढ़ किलोमीटर दूर औद्योगिक क्षेत्र थाने तक ले गई। इस दौरान आरोपी के कपड़े फट गए। और घसीटने से उसके हाथ-पैर छिल गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में लिया और स्थिति को काबू में किया। थाना प्रभारी विपिन पाल ने बताया कि पीड़िता दिव्यांग और मुखबधिर है। इसलिए उसका बयान दर्ज कराने के लिए विशेष विशेषज्ञ को बुलाया गया है। ताकि उसकी बात सही तरीके से समझी जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।