प्रयागराज

प्रयागराज में अविमुक्तेश्वरानंद बोले- उनका ट्विटर हैंडल ब्लॉक, कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर भी दिया बयान

Avimukteshwarananda in Prayagraj: प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने माघ मेला के दौरान हुई घटना को पूर्व नियोजित बताया। इसके साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी, ट्विटर हैंडल ब्लॉक करने और गौरक्षा को लेकर के भी बयान दिया।
2 min read
प्रयागराज में अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, फोटो सोर्स- X कुलदीप पांडे
फोटो सोर्स- X कुलदीप पांडे

Avimukteshwarananda in Prayagraj: प्रयागराज में अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि डराने धमकाने के लिए उनका ट्विटर हैंडल ब्लॉक कर दिया गया है। विरोध की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन लोग अपनी बात रख रहे हैं। उत्तर प्रदेश हिंदू धर्म परिषद की गठन की औपचारिक घोषणा के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि माघ मेले में हुई घटना पूर्व नियोजित थी। अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती गौ रक्षा यात्रा को लेकर प्रयागराज पहुंचे हैं। इस मौके पर उन्होंने 'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर के भी बड़ा बयान दिया है। 'गौरक्षा यात्रा' का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर तेलियरगंज, फाफामऊ, थरवई चौराहा, फूलपुर, प्रतापपुर में फूल मालाओं से स्वागत किया गया। गौ माता की रक्षा को लेकर भी नारे लगे।

'कॉकरोच जनता पार्टी' पार्टी नहीं विरोध का नया तरीका

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ज्योर्तिमठ शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर कहा कि सरकार से पीड़ित लोगों की आवाज सामने आ रही है और इस पर लोगों की कड़ी प्रतिक्रिया भी आ रही है। 'कॉकरोच जनता पार्टी' कोई पार्टी नहीं है। उन्होंने विरोध का ऐसा रास्ता अपनाने वाले को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने जनता के अंदर की विरोध की भावना को बाहर लाने का एक रास्ता दिखाया है।

पालकी शोभा यात्रा को रोकने की रिपोर्ट तैयार

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि माघ मेला के दौरान पालकी शोभायात्रा को रोक दिया गया था। प्रशासन और पुलिस के अनुचित व्यवहार की जांच रिपोर्ट तैयार की गई है। नागरिक समाज की तथ्य अन्वेषण समिति ने जांच करके यह रिपोर्ट तैयार की है। जिसे हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में साबित किया गया है। उत्तर प्रदेश हिंदू धर्म परिषद एक स्वायत्त और वैधानिक संस्था के रूप में कार्य करेगी।

परिषद की अध्यक्षता करेंगे अविमुक्तेश्वरानंद

अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि परिषद की अध्यक्षता करने के लिए उनसे अनुरोध किया गया है। जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। इसमें परिषद में प्रदेश के प्रमुख मंदिरों, मठों, अखाड़ों, पारंपरिक हिंदू धार्मिक संस्थाओं के संतों व प्रतिनिधियों को शामिल करने की योजना है। हिंदू धर्म परिषद धार्मिक स्वतंत्रता और धार्मिक संस्थाओं की स्वायत्तता की रक्षा करने के लिए बनाया गया है जो यह भी देखेगी कि धार्मिक आयोजनों, शोभायात्राओं और सनातन परंपराओं में प्रशासनिक हस्तक्षेप न होने पाए। यदि होता है, तो विधि और वैचारिक स्तर पर कार्रवाई की जाए।

प्रशासन केवल कानून व्यवस्था तक सीमित रहे

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन केवल कानून व्यवस्था तक सीमित रहे, धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप ना करे। हिंदू धार्मिक संस्थाओं, संतों और तीर्थ स्थलों की रक्षा के लिए एक लीगल सेल का गठन भी किया जाएगा। जो राज्य सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगी।अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ माता की रक्षा के लिए सभी को तन, मन, धन से आगे आने की अपील की। इस मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने भी यात्रा का स्वागत किया। कांग्रेस गंगा पार जिलाध्यक्ष असफाक अहमद ने फूलपुर बस अड्डे पर अपने समर्थकों के साथ शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का स्वागत किया। इस दौरान जयकारे भी लगे। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की भी मांग की गई। ‌

Updated on:
24 May 2026 09:34 pm
Published on:
24 May 2026 09:34 pm
Also Read
View All