
Prayagraj News: कैमरे में कैद हो गया जिंदगी का आखिरी पल... प्रयागराज के संगम में नाव पर बैठे भाजपा नेता के भाई अचानक नीचे गिर पड़े। देखते ही देखते उनकी सांसें थम गईं। मथुरा से परिवार के साथ घूमने आए इस शख्स की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक युवक मथुरा के भाजपा जिला मंत्री रणवीर ठाकुर का चचेरा भाई था। अब इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
38 साल के विष्णु ठाकुर मथुरा के बरसाना के रहने वाले थे और वहां एक गेस्ट हाउस चलाते थे। उनके चचेरे भाई रणवीर ठाकुर ने बताया कि बीते 15 जुलाई को पूरा परिवार मथुरा से प्रयागराज में संगम दर्शन के लिए आया था। इस ट्रिप में विष्णु की पत्नी हेमलता के साथ ही उनकी बहन-बहनोई और भाई-भाभी भी शामिल थे।
यह दुखद घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। पूरा परिवार संगम पहुंचकर एक नाव पर सवार हुआ। नाव अभी संगम की ओर थोड़ा आगे ही बढ़ी थी कि किनारे की तरफ बैठे विष्णु अचानक नाव पर ही बेसुध होकर गिर पड़े। उस वक्त ठीक उनके सामने उनका पांच साल का भतीजा खेल रहा था। शुरुआत में परिवार वालों को कुछ समझ नहीं आया कि अचानक क्या हुआ।
जब परिजनों ने विष्णु को उठाने की कोशिश की तो शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद आनन-फानन में नाव को वापस घाट पर लाया गया। परिवार वाले उन्हें लेकर तुरंत पास के एक अस्पताल दौड़े लेकिन वहां डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। इसके बाद उन्हें दो तीन और अस्पतालों में ले जाया गया लेकिन हर जगह डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और वे गहरे सदमे में हैं। परिजन भारी दुख के बीच शव लेकर वापस मथुरा लौट गए जहां अगले दिन उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर जब इस मामले में प्रयागराज की दारागंज पुलिस से बात की गई तो थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि उनके पास ऐसी किसी भी घटना की कोई आधिकारिक सूचना या शिकायत नहीं आई है।