
राहुल गांधी पर ओपी राजभर का तंज (फोटो- पत्रिका)
NEET Exam Paper Leak: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगातार उठाए जा रहे पेपर लीक मुद्दे पर पलटवार किया है। राजभर ने राहुल गांधी के बयानों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनका एकमात्र काम सिर्फ बेबुनियाद आरोप लगाना रह गया है।
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) का मजबूती से बचाव किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाल ही में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नीट की परीक्षा आयोजित की गई थी और देश में कहीं भी कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने विपक्ष के सभी दावों को पूरी तरह से गलत ठहराते हुए सरकार की पारदर्शी व्यवस्था पर अपना पूरा भरोसा जताया।
अपने बयान को आगे बढ़ाते हुए राजभर ने कहा कि अगर परीक्षा प्रणाली में कहीं कोई छोटी-मोटी समस्या या तकनीकी दिक्कत सामने आई भी है तो सरकार उस पर गंभीर है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन सभी कमियों को दूर करने के लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि किसी भी छात्र के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो।
वहीं दूसरी ओर अयोध्या में राम मंदिर के लिए एकत्र किए गए चंदे में हेराफेरी के विवाद पर भी ओम प्रकाश राजभर ने अपनी बात रखी। इस पूरे मामले में चल रही जांच के सवाल पर उन्होंने बेहद सधा हुआ जवाब दिया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी से इस पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट तलब की है तो वह जांच रिपोर्ट निश्चित तौर पर अदालत के सामने पेश कर दी जाएगी।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए देश के युवाओं के साथ हो रहे चार बड़े अन्यायों का जिक्र भी किया। राहुल गांधी ने कहा, "चार तरह के अन्याय हो रहे हैं। पहला है शिक्षा की लागत... दूसरा अन्याय 5 में से 4 दरवाज़े बंद हैं। तीसरा अन्याय 150 छात्रों में से केवल एक लड़का या लड़की ही सफल हो पाता है। और आखिरी और सबसे गंदा अन्याय 'पेपर लीक'। उन्होंने सरकार से सीधे सवाल किए कि आखिर यह पेपर लीक कैसे होते हैं इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान क्या हो सकता है?
संबंधित विषय:
Updated on:
18 Jul 2026 11:16 am
Published on:
18 Jul 2026 11:16 am
