Naini Central Jail : प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में तैनात पहरेदार पृथ्वीराज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह किराए के कमरे में मृत पाए गए। कुछ महीने पहले ही सगाई हुई थी और अगले महीने शादी होनी थी। पुलिस जांच में जुटी है।
Naini Central Jail : प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में तैनात एक पहरेदार ने संदिग्ध हालात में आत्महत्या कर ली। उसका शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। कुछ महीने पहले ही उसकी सगाई हुई थी और अगले महीने उसकी शादी होने वाली थी। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मऊ जिले के रहने वाले पृथ्वीराज साल 2021 से नैनी जेल में बंदीरक्षक के पद पर तैनात थे। वह प्रयागपुरम कॉलोनी में एक कमरा लेकर अकेले रहते थे। रविवार की रात उनकी ड्यूटी थी, लेकिन जब वह समय पर जेल नहीं पहुंचे, तो साथी कर्मचारियों को चिंता हुई। जेल प्रशासन ने उन्हें कई बार फोन मिलाया, पर दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। जेल का एक सिपाही उन्हें बुलाने उनके कमरे पर पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। जब रोशनदान से झांककर देखा गया तो पृथ्वीराज फंदे से लटका हुआ था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन पुलिस को वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पृथ्वीराज अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की उम्मीदें उन्हीं पर टिकी थीं। उनके पिता प्रभुनाथ चौहान, जो टाइल्स का काम करते हैं, इस घटना से पूरी तरह टूट गए हैं।
पिता प्रभुनाथ ने बताया कि रविवार दोपहर को ही पृथ्वीराज ने अपनी बहन को वीडियो कॉल किया था और बहुत ही सामान्य तरीके से बात की थी। उसने यह भी पूछा था कि पापा प्रयागराज कब आ रहे हैं। उसकी बातों से जरा भी नहीं लग रहा था कि वह ऐसा कोई खौफनाक कदम उठा सकता है।
जानकारी के मुताबिक पृथ्वीराज ने आखिरी बार अपनी मंगेतर से फोन पर बात की थी। उसके बाद से ही उनका फोन रिसीव होना बंद हो गया था। जब मंगेतर को चिंता हुई तो उसने परिवार वालों को बताया और फिर पड़ोसियों के जरिए इस घटना की जानकारी मिली। फिलहाल पुलिस ने पृथ्वीराज का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल्स खंगाल रही हैं।