
Prayagraj Murder: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के ड्राइवर मोहम्मद इरफान की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई जब वह चाय पी रहा था। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के बाद दहशत फैल गई। हमलावर नकाबपोश को सीने में गोली मारने के बाद नौ दो ग्यारह हो गए। गोलीबारी की घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत्यु घोषित कर दी। पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इस संबंध में प्रयागराज पुलिस ने बताया कि घटना का निरीक्षण किया गया है। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से अभियुक्तों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना करैली थाना क्षेत्र की है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के करैली थाना क्षेत्र के बिस्मिल्ला चौराहे के पास बुधवार की शाम को 47 वर्षीय इरफान को गोली मार दी गई। बताया जाता है कि मौके पर दो मोटरसाइकिलों पर चार लोग पहुंचे थे, जिन्होंने अपने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। तीन युवक मोटरसाइकिलों पर बैठे रहे, जबकि चौथा मोटरसाइकिल से उतरकर इरफान के नजदीक गया और सीने में गोली मार कर मौके से भाग निकला। गोली चलते ही मौके पर हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने इरफान को एसआरएन अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि मोहम्मद इरफान का संबंध माफिया अतीक अहमद के भाई से था। करीब 12 साल पहले वह अशरफ के साथ रहा और उनकी गाड़ी चलाता था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक इरफान की पत्नी मगरूर निशा, दो बेटे आमिर, फैसल और दो बेटियां अस्पताल पहुंच गईं, जिनका बुरा हाल था। वे बिलख बिलख कर रो रही थीं।
परिजनों ने आसिफ दुर्रानी और उसके भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। शुरुआती जांच में जानकारी हुई कि इरफान और आसिफ दुर्रानी एक साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद दोनों एक दूसरे के जानी दुश्मन बन गए। मृतक पुत्र आमिर की तहरीर पर करेली थाना में आसिफ दुर्रानी, उसके भाई रशीद निवासीगण चकिया और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि करेली पुलिस घायल को अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस उपायुक्त नगर एवं अन्य उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अभियुक्तों की पहचान की जा रही है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई है। मृतक परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।