
Accident in Prayagraj: प्रयागराज के संगम से कावड़ में जल भरकर वाराणसी आ रहे तीन कांवड़ियों की सड़क हादसे में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जल चढ़ाने के लिए वाराणसी आ रहे थे। इसी दौरान वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर एक मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसके बाद तीनों की मौत हो गई है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दो कावड़ियों को मृत बता दिया जबकि तीसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के रहने वाले 20 वर्षीय शिव प्रकाश, 45 वर्षीय लालू और 32 वर्षीय अशोक कुमार संगम से कावड़ में जल भरकर वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में चढ़ाने आ रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वे प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर सरपतीपुर गांव के समीप पहुंचे, वैसे ही एक मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसके बाद तीनों सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरने के बाद मैजिक चालक तीनों पर गाड़ी चढ़ाते हुए भाग निकला। आसपास के लोगों ने पूरी घटना की जानकारी सरायइनायत पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को लेकर अस्पताल पहुंची।
वहीं, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने अशोक और शिव प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं लालू का इलाज शुरू किया गया, लेकिन कुछ देर बाद ही लालू ने भी दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों के दी, जिसके बाद आनन फानन में परिजन स्वरूप रानी अस्पताल पहुंचे। वहीं, तीनों के शव को देखकर परिवार जनों का रो-रो कर बुरा हाल था। फिलहाल, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मारे गए तीनों लोग शटरिंग का काम करते थे। इनमें से अशोक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और वही परिवार का भरण पोषण किया करता था। पुलिस ने बताया है कि दुर्घटना के बाद मैजिक चालक वाहन को लेकर फरार हो गया है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्दी वाहन समेत चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने बताया है कि मामले में परिजनों ने ताहिर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।