प्रयागराज

दुबई में प्रयागराज के बेटे की संदिग्ध मौत, अभी तक नहीं पहुंचा शव, मां बोली आखिरी बार चेहरा दिखा दो PM-CM लगाई गुहार

Prayagraj News: प्रयागराज के युवक रंगबहादुर पटेल की दुबई में संदिग्ध मौत के 11 दिन बाद भी शव भारत नहीं पहुंचा। परिवार अंतिम दर्शन के लिए तड़प रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सीएम योगी से बेटे का शव लाने के लिए गुहार लगा रहा है।

2 min read
इनसेट में मृतक की फोटो रोते परिजन की सांकेतिक तस्वीर AI

प्रयागराज के फूलपुर इलाके के युवक रंगबहादुर पटेल की दुबई में संदिग्ध हालात में मौत होने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 11 दिन बीत जाने के बावजूद शव भारत नहीं पहुंच पाया है। पत्नी, मां और तीन मासूम बेटियां अंतिम दर्शन के इंतजार में हैं। परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है। ताकि बेटे का शव जल्द वतन लौट सके।

प्रयागराज जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर माफी गांव में इन दिनों मातम पसरा हुआ है। गांव के 26 वर्षीय रंगबहादुर पटेल की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लेकिन घटना के 11 दिन बाद भी उसका शव भारत नहीं पहुंच सका है। परिवार बेटे के अंतिम दर्शन के लिए तड़प रहा है। प्रशासन से लगातार मदद की मांग कर रहा है।

ये भी पढ़ें

शाहजहांपुर में रिश्ता टूटा तो युवक ने CM योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी देकर रची खौफनाक साजिश

4 महीने पहले रोजगार की तलाश में गया था दुबई

रंगबहादुर इसी साल 26 जनवरी को रोज़गार की तलाश में दुबई गया था। वहां वह वर्ल्ड स्टार कंस्ट्रक्शन कंपनी में पेंटिंग का काम करता था। परिवार को उम्मीद थी कि विदेश में नौकरी मिलने से आर्थिक हालात सुधर जाएंगे। बच्चों का भविष्य बेहतर होगा। लेकिन अचानक आई मौत की खबर ने सबकुछ बदल दिया।

26 अप्रैल को पत्नी से हुई थी आखिरी बार बात

पत्नी अनिता पटेल ने बताया कि 26 अप्रैल की रात उनकी पति से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। कुछ घंटों बाद मोबाइल पर एक तस्वीर भेजी गई। जिसमें रंगबहादुर बेहोशी की हालत में नजर आ रहा था। साथ काम करने वाले लोगों ने बताया कि अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया था। अगले दिन उसकी मौत की सूचना मिल गई।
रंगबहादुर अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में बुजुर्ग मां प्रेम देवी, पत्नी अनिता, तीन छोटी बेटियां और एक विकलांग बहन हैं। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।

परिजनों ने पीएम- सीएम से बेटे का शव लाने की लगाई गुहार

मां प्रेम देवी बेटे को याद कर बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। उनका कहना है कि बेटे से आखिरी बार बात करने के बाद कभी नहीं सोचा था कि अब उसका शव देखने का इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से हाथ जोड़कर बेटे का शव भारत लाने की अपील की है। परिजनों के मुताबिक, दुबई में पोस्टमार्टम हो चुका है। कंपनी की तरफ से जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बावजूद शव अब तक भारत नहीं भेजा जा सका है। गांव में भी शोक का माहौल है। लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

ये भी पढ़ें

भैंस बेचकर पत्नी को पढ़ाया नर्स बनते ही… बोली अब तुम्हारे साथ नहीं रहूंगी… अब दर-दर भटक रहा पति
Published on:
09 May 2026 10:45 am
Also Read
View All