
Rahul Gandhi Prayagraj Visit Chatron Ki Goonj: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अब प्रयागराज पहुंचने वाले हैं। 8 अगस्त को वह यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। इस मौके पर वह केंद्र सरकार पर बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का मुद्दा जोरशोर से उठाएंगे। राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर ऐलान किया कि प्रयागराज में शाम 5 बजे यह कार्यक्रम होगा। उन्होंने लिखा कि कोटा में उन्होंने छात्रों के सपनों को लूटने वाले तंत्र का पर्दाफाश किया था। देहरादून में पेपर लीक के खेल को बेनकाब किया। अब प्रयागराज में नौकरियों के संकट की असलियत सामने रखेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के छात्र अब खाली वादों और नफरत फैलाने वाले प्रचार को स्वीकार नहीं करेंगे। उनकी आवाज पूरे देश में सुनाई जाएगी। कार्यक्रम के लिए उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें नारा है- जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा।
‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा से की थी। वहां महा रैली के जरिए इसे लॉन्च किया गया। इसके बाद देहरादून में भी कार्यक्रम हुआ। अब प्रयागराज में इसका अगला पड़ाव है। कांग्रेस इस अभियान के जरिए रोजगार, परीक्षाओं में लीक और शिक्षा व्यवस्था के सुधार जैसे मुद्दे उठा रही है।
पार्टी का आरोप है कि सरकार की शिक्षा नीति में दूरदर्शिता की कमी है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की मांग भी की है। इससे पहले पार्टी ने बताया था कि राहुल गांधी इलाहाबाद, पटना और दिल्ली में भी छात्रों से जुड़े सम्मेलनों को संबोधित करेंगे।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले यह कार्यक्रम खास महत्व रखता है। युवाओं खासकर Gen Z से जुड़ने की कोशिश के तौर पर इसे देखा जा रहा है। राहुल गांधी सरकार पर हमला बोलते हुए छात्रों की समस्याओं को राजनीतिक मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
प्रयागराज में 8 अगस्त को होने वाले इस कार्यक्रम से कांग्रेस युवाओं के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की कोशिश करेगी। अब देखना यह है कि यहां कितनी बड़ी संख्या में छात्र जुटते हैं और राहुल गांधी केंद्र व राज्य सरकार पर कितना तीखा हमला बोलते हैं।